

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चयनित छात्र संसद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों को नेतृत्व,अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की सीख दी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना नृत्य और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के बैगपाइपर बैंड ने मुख्य अतिथि की अगवानी की। प्राचार्य डॉ. सि. जेस्सी थेक्कन ने छात्र संसद के निर्वाचित प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा बैज और सैश पहनाकर सम्मानित किया। छात्र संसद में अमोघवर्ष पाण्डेय एवं अम्बिका सिंह को अध्यक्ष,आकर्ष सिंघल एवं शाम्भवी सिंह को उपाध्यक्ष, सिद्धि सिद्ध विद्या को सचिव तथा आलिन्द अग्रवाल को सहसचिव का दायित्व सौंपा गया। मुख्य अतिथि विनय कुमार अग्रवाल ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि नेतृत्व से पीछे हटने के बजाय उसे अवसर के रूप में स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलताओं से सीख लेकर निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। रोहिणी उपग्रह मिशन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआती असफलताओं के बाद भी वैज्ञानिकों ने हार नहीं मानी और अंततः सफलता हासिल की। उन्होंने सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने और आत्ममूल्यांकन की आदत विकसित करने की सलाह भी दी। प्राचार्य डॉ. सि. जेस्सी थेक्कन ने कहा कि छात्र संसद का बैज केवल सम्मान नहीं, बल्कि सेवा,अनुशासन,ईमानदारी और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों से विद्यालय और समाज के लिए आदर्श नेतृत्व प्रस्तुत करने का आह्वान किया। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि का शॉल एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका अनुराधा अग्रवाल ने किया, जबकि अनुपम दुबे ने आभार प्रदर्शन किया। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur