- उठा सवाल-बच्चों का उत्सव या वीआईपी प्रोटोकॉल का मंच?
- बैठक व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को लगाई फटकार,कुछ देर के लिए बिगड़ा कार्यक्रम का माहौल
-संवाददाता-
राजपुर,01 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में उस समय असहज स्थिति निर्मित हो गई, जब मंच की बैठक व्यवस्था को लेकर सामरी विधायक उदधेश्वरी पैकरा नाराज हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,मंच के सामने लगाए गए नेमप्लेट और बैठने की व्यवस्था को लेकर विधायक ने आपत्ति जताई और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि मंच पर वरिष्ठ एवं कनिष्ठ पदाधिकारियों के बैठने के क्रम को लेकर संगठन के कुछ पदाधिकारियों ने भी नाराजगी व्यक्त की, जिसके बाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम का माहौल प्रभावित हुआ। हालांकि सवाल यह है कि जिस कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत करना, उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह और विश्वास जगाना था, वहां चर्चा का केंद्र बच्चों की खुशी के बजाय मंच की कुर्सियां और प्रोटोकॉल क्यों बन गया?
बच्चों के कार्यक्रम में भी हावी हो रहा वीआईपी कल्चर? शाला प्रवेश उत्सव जैसे आयोजनों में आमतौर पर बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में मंच पर कौन कहां बैठेगा,किसका नेमप्लेट कहां लगेगा—इन बातों को लेकर विवाद होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ऐसे अवसरों पर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए, क्योंकि बच्चे और अभिभावक ऐसे कार्यक्रमों से सकारात्मक संदेश की उम्मीद लेकर आते हैं।
स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
कुछ अभिभावकों ने कहा कि नेताओं को बच्चों से जुड़े कार्यक्रमों में संयम और सरलता का परिचय देना चाहिए। मंच की व्यवस्था को लेकर विवाद का असर कार्यक्रम के माहौल पर पड़ता है और इसका संदेश बच्चों तक भी जाता है। लोगों का सवाल है कि क्या शिक्षा से जुड़े आयोजनों में भी वीआईपी संस्कृति को प्राथमिकता मिलेगी या फिर ऐसे कार्यक्रमों में बच्चों का उत्साह ही सबसे ऊपर रहेगा? समाचार लिखे जाने तक मामले में विधायक उदधेश्वरी पैकरा और शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur