Breaking News

मनेंद्रगढ़@ एमसीबी के पत्रकार रविकांत सिंह को मिलेगा देश का प्रतिष्ठित ‘समाचार4मीडिया 40 अंडर 40 अवॉर्ड’

Share

  • राष्ट्रीय स्तर पर खोजी और जनसरोकार की पत्रकारिता को मिला सम्मान,28 जुलाई को नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में होगा सम्मान समारोह
  • यूनिसेफ मीडिया फॉर चिल्ड्रेन अवॉर्ड से पहले ही हो चुके हैं सम्मानित, अब देश के टॉप-40 युवा पत्रकारों में बनाई जगह

-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़,01 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के युवा एवं निर्भीक पत्रकार रविकांत सिंह राजपूत को देश के प्रतिष्ठित ‘समाचार 4 मीडिया 40 अंडर 40 अवॉर्ड 2026’ के लिए चयनित किया गया है,यह सम्मान देशभर के उन चुनिंदा पत्रकारों को दिया जाता है जिन्होंने 40 वर्ष से कम आयु में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य,जनसरोकार,नेतृत्व क्षमता और प्रभावशाली रिपोर्टिंग के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है,आगामी 28 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में रविकांत सिंह राजपूत को इस राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। उनके चयन से न केवल एमसीबी जिला बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के पत्रकारिता जगत में हर्ष का माहौल है।
कड़े मानकों और विशेषज्ञ जूरी की कसौटी पर चुने गए देश के टॉप-40 युवा पत्रकार-’समाचार4मीडिया 40 अंडर 40 अवॉर्ड’ भारतीय मीडिया जगत के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल है, इस सम्मान के लिए प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया से जुड़े देशभर के 40 वर्ष से कम आयु के पत्रकारों का चयन किया जाता है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक प्रभाव छोड़ा हो, इस वर्ष चयन प्रक्रिया अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक रही। देश के वरिष्ठ संपादकों, मीडिया विशेषज्ञों और अनुभवी पत्रकारों की उच्चस्तरीय जूरी ने विभिन्न मापदंडों पर उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया,खोजी पत्रकारिता,जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने,नेतृत्व क्षमता और सामाजिक प्रभाव जैसे पहलुओं को आधार बनाकर चयन किया गया। रविकांत सिंह राजपूत ने अपनी जमीनी रिपोर्टिंग और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर लगातार किए गए कार्यों के दम पर देश के शीर्ष 40 युवा पत्रकारों में स्थान बनाया।
दिल्ली में सजेगी मीडिया जगत की दिग्गज हस्तियों की महफिल-पुरस्कार समारोह 28 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के सेमिनार हॉल में आयोजित होगा,समारोह में देश के प्रतिष्ठित संपादक,मीडिया संस्थानों के प्रमुख, वरिष्ठ पत्रकार और संचार जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी,अवॉर्ड समारोह से पहले सुबह 10 बजे विशेष मीडिया कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा,जिसमें मीडिया के बदलते स्वरूप,डिजिटल पत्रकारिता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, फेक न्यूज की चुनौती और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देश के शीर्ष पत्रकार अपने विचार साझा करेंगे।
ग्राउंड रिपोर्टिंग से बनाई अलग पहचान-रविकांत सिंह राजपूत ने अपनी पत्रकारिता के दौरान हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है,उन्होंने सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य,आदिवासी समाज,बच्चों के अधिकार, प्रशासनिक लापरवाही,भ्रष्टाचार और सामाजिक समस्याओं पर लगातार प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है,उनकी कई रिपोर्टों के बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी और अनेक समस्याओं का समाधान भी हुआ,विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बंद पड़े स्कूलों को पुनः संचालित कराने,अंधविश्वास के कारण शिक्षा से वंचित बच्चों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने तथा शोषित एवं वंचित वर्ग की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
यूनिसेफ से भी मिल चुका है राष्ट्रीय सम्मान- रविकांत सिंह इससे पहले यूनिसेफ के प्रतिष्ठित ‘मीडिया फॉर चिल्ड्रेन अवॉर्ड’ से भी सम्मानित हो चुके हैं, यह सम्मान उन्हें बच्चों के अधिकार,ग्रामीण शिक्षा, बाल संरक्षण और संवेदनशील सामाजिक विषयों पर उत्कृष्ट एवं प्रभावशाली ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए प्रदान किया गया था, यूनिसेफ जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थान द्वारा सम्मानित होने के बाद अब ‘समाचार4मीडिया 40 अंडर 40 अवॉर्ड’ से सम्मानित होना उनके पत्रकारिता जीवन की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, इससे स्पष्ट होता है कि उनकी पत्रकारिता केवल समाचारों तक सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक बदलाव का माध्यम भी बनी।
यह सम्मान आम लोगों के संघर्ष को समर्पित- अपनी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए रविकांत सिंह राजपूत ने कहा कि ‘यूनिसेफ के बाद अब समाचार4मीडिया का यह राष्ट्रीय सम्मान मिलना मेरे लिए अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है,यह पुरस्कार उन आम लोगों के संघर्ष, उम्मीदों और विश्वास को समर्पित है, जिनकी आवाज को मैंने अपनी पत्रकारिता के माध्यम से मंच देने का प्रयास किया, वरिष्ठ पत्रकारों के मार्गदर्शन,सहयोगियों के समर्थन और समाज के विश्वास के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी,उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी, निष्पक्षता तथा जनसरोकार की पत्रकारिता करने की प्रेरणा देगा।
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण
रविकांत सिंह राजपूत का देश के प्रतिष्ठित ‘समाचार4मीडिया 40 अंडर 40 अवॉर्ड’ के लिए चयन होना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता के लिए भी गर्व का विषय है,सीमित संसाधनों के बीच जमीनी मुद्दों पर की गई उनकी निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी,28 जुलाई को नई दिल्ली में होने वाला सम्मान समारोह उनके पत्रकारिता जीवन में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ प्रतापपुर पुलिस ने 6 लाख की चोरी गई कार बरामद कर आरोपी को दबोचा

Share तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता,आरोपी से चोरी की हुंडई आई20 …

Leave a Reply