सूरजपुर पुलिस ने भावभीनी विदाई देकर किया सम्मानित,डीआईजी-एसएसपी ने कहा-कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की मिसाल हैं दोनों अधिकारी
-संवाददाता-
सूरजपुर,01 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को पुलिस विभाग में दीर्घकालीन एवं उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के बाद सेवानिवृत्त हुए अधिकारी एवं कर्मचारी के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया, समारोह में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रशांत कुमार ठाकुर ने सेवानिवृत्त उप निरीक्षक (एसआई) अश्वनी पाण्डेय एवं आरक्षक रामप्रसाद को शॉल,श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें पेंशन स्वीकृति आदेश भी सौंपे गए।
अपने संबोधन में डीआईजी-एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि एसआई अश्वनी पाण्डेय ने 38 वर्ष 10 माह तथा आरक्षक रामप्रसाद ने 28 वर्ष 7 माह तक पुलिस विभाग में निष्ठा,अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दी हैं,उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक सरकारी नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का माध्यम है,अपने पूरे सेवाकाल में दोनों अधिकारियों ने ईमानदारी,कर्तव्यपरायणता और अनुशासित कार्यशैली का परिचय दिया,जो आने वाली पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा,उन्होंने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद और मंगलमय भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विभाग उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा,विदाई समारोह में सेवानिवृत्त एसआई अश्वनी पाण्डेय एवं आरक्षक रामप्रसाद ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए, उन्होंने विभाग द्वारा दिए गए सम्मान और सहयोग के लिए वरिष्ठ अधिकारियों तथा सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया, साथ ही उन्होंने युवा पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी,संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया, कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों सेवानिवृत्त साथियों के साथ बिताए गए कार्यकाल की यादें साझा कीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य,दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की, इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन,सीएसपी बेनार्ड कुजूर सहित जिला पुलिस कार्यालय तथा विभिन्न थाना-चौकियों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां सभी ने दोनों अधिकारियों की सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur