दयानिधि अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, नकद वसूली और करोड़ों के भुगतान सहित कई बिंदुओं पर मांगी रिपोर्ट
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पताल में कथित अनियमितताओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। दयानिधि अस्पताल के संचालक डॉ. संदीप त्रिपाठी के खिलाफ मिली शिकायत के बाद संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा ने सीएमएचओ सरगुजा को मामले की जांच कर छह कार्यदिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शिकायत में लगाए गए आरोपों को गंभीर मानते हुए सभी बिंदुओं की सूक्ष्म जांच के लिए जांच दल गठित करने कहा है। जांच रिपोर्ट स्पष्ट अभिमत के साथ निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत करनी होगी।
आयुष्मान कार्डधारी मरीजों से नकद राशि लेने का आरोप : शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराने पहुंचे कार्डधारी मरीजों से भी अस्पताल में नकद राशि ली गई। इसके अलावा अस्पताल में इलाज और योजना के तहत किए गए भुगतान को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि केवल 11 बिस्तरों वाले अस्पताल को पिछले तीन वर्षों में आयुष्मान भारत योजना के तहत करीब सात करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जिसकी जांच की मांग की गई है।
कर्मचारियों की मिलीभगत से राशि जमा करने का आरोप : शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मरीजों से ली गई राशि कर्मचारियों की मिलीभगत से सीधे अस्पताल के खाते में जमा कराई जाती थी। इसके अलावा डॉ. संदीप त्रिपाठी पर शासकीय अवकाश के दौरान निजी अस्पताल में उपचार करने और अनियमितताओं में संलिप्त रहने के आरोप भी लगाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन आरोपों की सत्यता जानने के लिए जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान अस्पताल के रिकॉर्ड, मरीजों से संबंधित दस्तावेज और भुगतान संबंधी जानकारी की जांच की जाएगी।
छह दिन में देनी होगी रिपोर्ट : संभागीय संयुक्त संचालक ने 30 जून को जारी पत्र में सीएमएचओ को जांच पूरी कर छह कार्यदिवस के भीतर प्रतिवेदन सौंपने कहा है। जांच पत्र की प्रतिलिपि स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय नवा रायपुर, सरगुजा संभाग के आयुक्त और सरगुजा कलेक्टर को भी भेजी गई है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कार्रवाई होगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur