कुर्सियों से हमला करने का वीडियो वायरल,हाथ जोड़कर माफी मांगती रहीं महिलाएं

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ में आयोजित दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव के समापन के बाद मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं और युवक चोरी के संदेह में तीन महिलाओं के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कुछ युवक प्लास्टिक की कुर्सियों से महिलाओं पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान एक महिला के सिर में चोट लगने से खून बहने लगा। घायल महिला सिर पर कपड़ा बांधकर रोती हुई और हाथ जोड़कर माफी मांगती नजर आ रही है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
चोरी के शक में शुरू हुआ विवाद : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामगढ़ महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ महिलाओं ने तीन महिलाओं पर चोरी का संदेह जताया। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि ये महिलाएं भीड़ में संदिग्ध गतिविधियां कर रही थीं। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों महिलाओं को पकड़ लिया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। वायरल वीडियो में कुछ युवक और महिलाएं तीनों महिलाओं के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
सिर पर लगी चोट,मदद के
लिए गुहार लगाती रही महिला
वीडियो में एक महिला के सिर से खून निकलता दिखाई दे रहा है। वह हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांग रही है, लेकिन भीड़ का गुस्सा काफी देर तक शांत नहीं हुआ। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बाद में बीच-बचाव कर महिलाओं को भीड़ से बाहर निकाला। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
थाने में अब तक नहीं पहुंची शिकायत
जानकारी के अनुसार घटना को लेकर अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हंगामा काफी देर तक चलता रहा, लेकिन मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। यदि शिकायत दर्ज होती है तो पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर सकती है।
संदेह के आधार पर मारपीट कानूनन अपराध
बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में चोरी करने वाले गिरोहों की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन केवल संदेह के आधार पर किसी के साथ मारपीट करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में जांच और कार्रवाई का अधिकार पुलिस और प्रशासन को है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur