नातिन को बचाने पहुंची नानी भी बनी सांप के जहर का शिकार,इलाके में पसरा मातम
बलरामपुर,30 जून 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटागहना में जहरीले सांप के डसने से नानी और नातिन की दर्दनाक मौत हो गई। एक साथ हुई दो मौतों से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के अनुसार 8 वर्षीय बच्ची अपने नानी के घर आई हुई थी। रात के समय वह अपनी नानी के साथ सो रही थी। इसी दौरान जहरीला सांप घर में पहुंच गया और दोनों को डस लिया। घटना के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि नातिन को सांप के डसने की जानकारी होने पर नानी उसे बचाने और संभालने पहुंची,इसी दौरान वह भी सांप के संपर्क में आ गई और उसे भी सांप ने डस लिया। परिजनों ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया,लेकिन हालत गंभीर होने के कारण नानी की मौत हो गई। वहीं बच्ची ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
एक साथ दो मौतों से गांव में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई। नानी और नातिन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि इस घटना से पूरा गांव सदमे में है।
पुलिस को सूचना मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की गई। मामले में आगे की प्रक्रिया जारी है।
बारिश के मौसम में बढ़ जाता है सर्पदंश का खतरा
ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में घरों के आसपास साफ-सफाई रखने,जमीन पर सोने से बचने और सांप काटने की स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचने की जरूरत होती है। यह दर्दनाक घटना एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश से बचाव और समय पर उपचार की अहमियत को सामने लाती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur