संगठन में सक्रिय योगदान और समाज सेवा के लिए मिला सम्मान, नव-निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष के नेतृत्व में एकजुट होकर कार्य करने का किया आह्वान
-संवाददाता-
सूरजपुर,30 जून 2026 (घटती-घटना)। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (छत्तीसगढ़) की प्रांतीय कार्यकारिणी के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का सम्मान किया गया,कार्यक्रम में संगठन के विकास, समाज सेवा और संगठनात्मक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पदाधिकारियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई, समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल उपस्थित रहे,जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (छत्तीसगढ़) के प्रांतीय अध्यक्ष किशन अग्रवाल ने की,कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना टिबरेवाल रहीं, मंच पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों,विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश गर्ग (सूरजपुर) को संगठन के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका,समर्पित कार्यशैली तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री गर्ग ने इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताते हुए संगठन के सभी वरिष्ठजनों,प्रांतीय अध्यक्ष,मुख्य अतिथि,पदाधिकारियों,कार्यकारिणी सदस्यों एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है,बल्कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना का सम्मान है, उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से ही संभव होती है और सभी का सहयोग ही सम्मेलन की सबसे बड़ी शक्ति है, मुकेश गर्ग ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि प्रांतीय कार्यकारिणी के सफल कार्यकाल के बाद पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित करना अपने आप में एक सकारात्मक और प्रेरणादायी पहल है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है तथा उन्हें समाज और संगठन के लिए और अधिक सक्रिय होकर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है, उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की रीति-नीति एवं उद्देश्यों के अनुरूप नव-निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष रामवतार अग्रवाल के नेतृत्व में एकजुट होकर समाज सेवा,राष्ट्रहित तथा सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें,उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन आने वाले समय में समाज के हित में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा, कार्यक्रम का समापन संगठनात्मक एकता, सामाजिक सद्भाव और सेवा के संकल्प के साथ हुआ।
समारोह में प्रदेश के सभी जिलों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने तथा समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। आयोजन पूरे समय उत्साह, अनुशासन और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ।
फोटो 06
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur