Breaking News

सूरजपुर @ सूरजपुर पुलिस की बीट व्यवस्था होगी और मजबूत

Share

  • जनता से सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर…
  • डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बीट प्रभारियों को दिए स्पष्ट निर्देश,
  • गांव-वार्डों में लगेंगे मोबाइल नंबर के पोस्टर,महिला सुरक्षा और संवेदनशील पुलिसिंग पर विशेष फोकस

संवाददाता-
सूरजपुर 30 जून 2026 (घटती-घटना)।
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस ने बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है, इसी क्रम में जिला पंचायत सभाकक्ष में बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई,जिसमें जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ बीट प्रभारी शामिल हुए। कार्यशाला का उद्देश्य पुलिसिंग को जमीनी स्तर तक मजबूत करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों तक पुलिस की पहुंच को और अधिक आसान बनाना रहा। जिले के 22 थाना एवं चौकी क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले 558 गांवों के लिए कुल 70 बीट निर्धारित की गई हैं,कार्यशाला में डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस रेगुलेशन के प्रावधानों के अनुसार बीट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया, उन्होंने कहा कि बीट व्यवस्था पुलिसिंग की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और इसी के माध्यम से पुलिस आम जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित करती है, उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बीट प्रभारी अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण करें,लोगों से संवाद बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल एकत्रित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, उनका कहना था कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करने से अधिक महत्वपूर्ण अपराध की रोकथाम है, जिसके लिए बीट व्यवस्था को सक्रिय और जिम्मेदार बनाना आवश्यक है।
गांव-वार्डों में लगेंगे बीट प्रभारियों के मोबाइल नंबर-कार्यशाला के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव और शहरी वार्ड में संबंधित बीट प्रभारी का नाम एवं मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने वाले पोस्टर लगाए जाएं,इससे आम नागरिक किसी भी समस्या, शिकायत या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी सीधे अपने बीट प्रभारी तक पहुंचा सकेंगे,उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा प्रत्येक व्यक्ति के साथ पेशेवर,शालीन और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए,पुलिस का व्यवहार ही जनता के बीच विश्वास की सबसे बड़ी नींव है।
बीट प्रभारियों की जिम्मेदारियां की गईं निर्धारित-कार्यशाला में बीट प्रभारियों के दायित्व भी स्पष्ट रूप से तय किए गए। प्रत्येक बीट प्रभारी को अपने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों,वारंटियों तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की अद्यतन जानकारी रखने और उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए,इसके अलावा बीट भ्रमण के दौरान कहां गए, किन लोगों से मिले, क्या जानकारी प्राप्त हुई और क्या कार्रवाई की गई,इसका दैनिक विवरण बीट बुक में दर्ज करना अनिवार्य किया गया है,यह रिपोर्ट प्रतिदिन थाना प्रभारी को प्रस्तुत करनी होगी,जबकि संबंधित एसडीओपी प्रत्येक माह बीट बुक का निरीक्षण करेंगे।
महिला सुरक्षा और जनजागरूकता पर विशेष जोर-कार्यशाला में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए,स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास नियमित निगरानी रखने,महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी कानूनी अधिकारों की जानकारी देने तथा ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों,हाट-बाजारों और महिला समूहों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया गया,डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि बीट प्रणाली केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज में सुरक्षा का वातावरण तैयार करना,बुजुर्गों की सहायता करना, महिलाओं का विश्वास जीतना और युवाओं को अपराध एवं नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करना भी है,कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन,सीएसपी बेनार्ड कुजूर,डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी,एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा,डीएसपी अजाक रीना नीलम कुजूर, डीएसपी अनूप एक्का सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा बीट प्रभारी उपस्थित रहे।
पुलिस-जनता के बीच भरोसा बढ़ाने की पहल
बीट प्रणाली को मजबूत करने की यह पहल न केवल अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाएगी,बल्कि पुलिस और जनता के बीच संवाद,विश्वास और सहयोग को भी नई मजबूती देगी,यदि निर्धारित निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन होता है, तो जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


Share

Check Also

रघुनाथनगर/बलरामपुर@मामा के घर पढ़ाई करने आई नाबालिग लड़की लापता, सोनभद्र से बरामद,आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

Share -संवाददाता-रघुनाथनगर/बलरामपुर,30 जून 202६ (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में मामा के घर …

Leave a Reply