Breaking News

अंबिकापुर@बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर हुल क्रांति दिवस का आयोजन

Share

  • जनजातीय गौरव और अधिकारों पर हुई चर्चा
  • पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में जुटे 14 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधि
  • आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने की जनसुनवाई

अंबिकापुर,30 जून 2026 (घटती-घटना)। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में हुल क्रांति दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। जिला प्रशासन सरगुजा एवं आदिम जाति विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, भारत सरकार की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में सरगुजा जिले के 14 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधि, समाज प्रमुख, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक सहित करीब 1500 लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, मांझी राम गोड़, सिद्धू-कान्हू, राजमोहनी देवी, संत गहिरा गुरु और जगदेव राम उरांव के छायाचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।

जनजातीय अधिकारों और विकास पर दिया जोर

मुख्य अतिथि डॉ. आशा लकड़ा ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अधिकारों, कार्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आयोग अनुसूचित जनजातियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ उनके सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, नेतृत्व और जनजातीय अस्मिता की रक्षा में उनके योगदान को याद करते हुए हुल क्रांति के महानायक सिद्धू-कान्हू के साहस और बलिदान को भी नमन किया।

जनसुनवाई में रखी गईं समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान डॉ. आशा लकड़ा ने जनसुनवाई भी की। इसमें विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं, मांगें और सुझाव उनके समक्ष रखे। इस अवसर पर उरांव, कंवर, मांझी, गोंड, खैरवार, पंडो, नागवंशी, मझवार, नगेसिया, कोरवा, बिंझिया, मुंडा, भुईया और पहाड़ी कोरवा समाज सहित कई जनजातीय समाजों के प्रमुख उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी में जागरूकता, स्वाभिमान और प्रेरणा का संचार करना रहा। कार्यक्रम के समापन पर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग सरगुजा डॉ. ललित शुक्ला ने अतिथियों, समाज प्रमुखों और उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।


Share

Check Also

रघुनाथनगर/बलरामपुर@मामा के घर पढ़ाई करने आई नाबालिग लड़की लापता, सोनभद्र से बरामद,आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

Share -संवाददाता-रघुनाथनगर/बलरामपुर,30 जून 202६ (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में मामा के घर …

Leave a Reply