Breaking News

अम्बिकापुर@ कलाकेन्द्र मैदान आवंटन विवाद

Share


.वायरल ऑडियो मामले में कांग्रेस ने एसपी से मांगी एसआईटी जांच,तीन दिन का अल्टीमेटम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 जून 2026 (घटती-घटना)।
कलाकेन्द्र मैदान में मीनाबाजार लगाने के लिए कथित लेनदेन से जुड़े वायरल ऑडियो मामले को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की है। कांग्रेस ने एसपी से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि वायरल टेलीफोनिक बातचीत में कलाकेन्द्र मैदान आवंटन को लेकर लाखों रुपये के लेनदेन की चर्चा सुनाई दे रही है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके। वहीं वायरल ऑडियो को लेकर महापौर मंजूषा भगत पहले ही इसे एआई जनरेटेड बताते हुए आदिम जाति कल्याण थाना में शिकायत दे चुकी हैं। कांग्रेस ने बताया कि 22 जून को कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में विशेष जांच दल बनाने की मांग की गई थी। इसके बाद 27 जून को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल आजाक थाना पहुंचा था और शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली थी। कांग्रेस के अनुसार थाना से बताया गया कि मामला उनके क्षेत्राधिकार से संबंधित नहीं है, इसलिए अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और जांच भी शुरू नहीं हुई है। इसके बाद रविवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात कर मामले को गंभीर बताते हुए एसआईटी गठन की मांग रखी।
वॉइस सैंपल और कॉल रिकॉर्ड जांच की मांग : निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि महापौर की शिकायत के बाद मामला और गंभीर हो गया है। एक तरफ ऑडियो को एआई जनरेटेड बताया जा रहा है,वहीं दूसरी तरफ वायरल बातचीत में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं। ऐसे में मामले की जांच किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी या एसआईटी से कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वॉइस सैंपलिंग, फोरेंसिक जांच और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच से पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ जाएगी। एसपी से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए शफी अहमद ने कहा कि मामले से जुड़े लोगों को खुद अपना कॉल रिकॉर्ड सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तीन दिन तक इंतजार करेगी।
यदि इस अवधि में एसआईटी का गठन नहीं हुआ तो पार्टी बड़े आंदोलन के साथ न्यायालय जाने पर भी विचार करेगी। इस दौरान मो. इस्लाम, हेमंत तिवारी,नुरुल अमीन सिद्धकी,मदन जायसवाल,संजय सिंह,जमील खान,लोकेश कुमार, जीवन यादव,विनय गुप्ता,लुकस एक्का सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर @ भारतीय जनता युवा मोर्चा सरगुजा ने किया मंडल प्रभारियों और सह-प्रभारियों की घोषणा

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,28 जून 202६ (घटती-घटना)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा …

Leave a Reply