बतौली पुलिस की कार्रवाईः ईंट,पत्थर और लकड़ी के फाड़ी से हमला कर की गई थी हत्या
-संवाददाता-
बतौली,28 जून 2026 (घटती-घटना)। बतौली थाना पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला ने पति द्वारा चरित्र को लेकर शंका किए जाने से नाराज होकर ईंट-पत्थर और लकड़ी के फाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूचक सरोता मझवार ने बतौली थाना पहुंचकर सूचना दी थी कि 26 जून की रात उसके माता-पिता घर पर थे। रात में शराब पीकर दोनों वापस घर आए थे। अगले दिन 27 जून को सूचना मिली कि उसके पिता नेतराम मझवार घर के आंगन में पड़े हुए हैं और उठ नहीं रहे हैं। सूचक जब घर पहुंचा तो देखा कि नेतराम मझवार के शरीर पर चोट के निशान थे और वह गंभीर हालत में पड़े थे। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव निरीक्षण, घटनास्थल जांच और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस को पता चला कि घटना वाली रात करीब 10 बजे मृतक नेतराम और उसकी पत्नी मानकुंवर के बीच चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान पत्नी मानकुंवर ने नाराज होकर पति पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने ईंट-पत्थर और लकड़ी के फाड़ी से सिर, माथा, चेहरा, कंधे और पीठ पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे नेतराम की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में थाना बतौली में अपराध क्रमांक 75/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला मानकुंवर पति स्व. नेतराम मझवार (40 वर्ष), निवासी कदनई लोटाभावना, थाना बतौली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पति की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईंट, पत्थर, लकड़ी का फाड़ी और घटना के समय पहने गए कपड़े को जब्त किया है। अपराध के साक्ष्य मिलने पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पूरी कार्रवाई में थाना बतौली से उप निरीक्षक आभाष मिंज, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, महिला प्रधान आरक्षक मेबिश खाका, आरक्षक राकेश एक्का, राजेश खलखो, राजू कुजूर, जोगी, महिला आरक्षक मेरी क्लोरेट और किरण तांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur