राजपुर थाना परिसर में पसरा मातम,आरक्षक जुगन साय पैकरा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
-संवाददाता-
राजपुर,27 जून 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना परिसर में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई,जब थाना परिसर में रहने वाले एक आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई। थाना परिसर स्थित शासकीय क्वार्टर में रहने वाले आरक्षक जुगन साय पैकरा अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले। घटना के बाद पूरे थाना परिसर में शोक का माहौल है। साथी जवान और पुलिस अधिकारी इस अचानक हुई घटना से स्तब्ध हैं। राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि आरक्षक जुगन साय पैकरा थाना परिसर में बने सरकारी आवास में रहते थे। शुक्रवार रात करीब 9 बजे वह रोज की तरह अपने कमरे में सोने चले गए थे। शनिवार सुबह काफी देर तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकले तो आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों को चिंता हुई। साथियों ने दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो आरक्षक जुगन साय पैकरा अचेत अवस्था में पड़े मिले। तत्काल उन्हें संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना परिसर में हड़कंप मच गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur