जनहित के मुद्दों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाएं,नगरीय समस्याओं के समाधान में निभाएं भूमिका : राजेश अग्रवाल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 जून 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नगर निगम अंबिकापुर तथा नगर पंचायत सीतापुर एवं लखनपुर में नियुक्त किए गए नवनियुक्त एल्डरमैनों का भाजपा जिला सरगुजा द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में नवनियुक्त नामांकित पार्षदों को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी के विशिष्ट आतिथ्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान नगर निगम अंबिकापुर के नवनियुक्त 9 एल्डरमैनों करताराम गुप्ता, राज बहादुर शास्त्री, श्रीमती सावित्री जायसवाल, संतोष दास, रमेश जायसवाल, तेजिंदर बग्गा, श्रीमती किरण सोनी, शरद सिन्हा एवं श्रीधर केशरी का सम्मान किया गया। वहीं नगर पंचायत सीतापुर के नेमलाल गुप्ता, श्रीमती अमृता पैकरा एवं अनेश्वर गुप्ता तथा नगर पंचायत लखनपुर के दिनेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता एवं मालती कश्यप को भी सम्मानित किया गया।
जनता की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं एल्डरमैन : राजेश अग्रवाल
मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को बधाई देते हुए कहा कि शासन ने उन्हें नगरीय निकायों में जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने और समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि एल्डरमैन जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए सेवा, समर्पण और सक्रिय भागीदारी से अपनी पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए एल्डरमैन सदन में जनता की आवाज को मजबूती से रखें।
दायित्व सेवा का माध्यम है : अखिलेश सोनी
भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि भाजपा संगठन में मिलने वाला हर दायित्व सेवा का माध्यम होता है,सम्मान का नहीं। उन्होंने कहा कि एल्डरमैन पार्षदों और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जनता और शासन के बीच सेतु बनें एल्डरमैन : भारत सिंह सिसोदिया
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि संगठन हमेशा कार्यकर्ताओं के समर्पण और निष्ठा का सम्मान करता रहा है। उन्होंने कहा कि एल्डरमैन का पद जनता और शासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करने का अवसर है। सभी नवनियुक्त एल्डरमैन जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए नगरीय विकास में अपना योगदान दें। कार्यक्रम को महापौर मंजूषा भगत,पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, पूर्व सभापति त्रिलोक कपूर कुशवाहा,जिला महामंत्री अरुणा सिंह,जिला उपाध्यक्ष विकास पांडेय एवं दिनेश साहू ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने किया,जबकि जिला कोषाध्यक्ष निश्चल प्रताप सिंह ने आभार व्यक्त किया। समारोह में भाजपा के पदाधिकारी,कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur