अवैध शराब बिक्री पर शिकंजा,मैनेजर पर कार्रवाई… लेकिन शहर में फैले नेटवर्क पर निगरानी को लेकर उठा सवाल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ संभागीय आबकारी उड़नदस्ता प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। नशीले इंजेक्शन,महुआ शराब और अब होटल से अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार सामने आ रही है। इसी कड़ी में 26 जून की सुबह खरसिया रोड स्थित होटल दीप में आबकारी उड़नदस्ता टीम ने दबिश देकर होटल मैनेजर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। विभाग के अनुसार लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि होटल दीप से अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। शिकायत की पुष्टि के लिए टीम ने छद्म ग्राहक भेजा,जिसने होटल से दो पाव ब्लैक डॉग शराब 1000 रुपये में खरीदी। खरीदी की पुष्टि होने के बाद रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी टीम ने होटल में छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान होटल के एक कमरे से सिग्नेचर की एक बोतल,ब्लेंडर प्राइड की दो अद्धी और दो पाव,रॉयल चैलेंज का एक पाव तथा आरएस बैरल की बोतलों में शराब बरामद की गई। मामले में होटल मैनेजर जुनैद के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पूछताछ में मैनेजर ने बताया कि होटल पपिंदर सरदारजी का है, लेकिन अवैध शराब बिक्री से उनका कोई संबंध नहीं है और वह स्वयं लालच में चोरी-छिपे शराब बेच रहा था।
कार्रवाई जारी,लेकिन अवैध कारोबार की चुनौती बरकरार
रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उड़नदस्ता टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में नशीले इंजेक्शनों के मामलों में सप्लायरों की गिरफ्तारी,कोरिया जिले में महुआ शराब पर कार्रवाई और अब होटल से अवैध शराब बिक्री पकड़ने की कार्रवाई सामने आई है। लगातार हो रही कार्रवाई यह बताती है कि विभाग अवैध कारोबार पर नजर बनाए हुए है,लेकिन दूसरी तरफ जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की उपलब्धता को लेकर शिकायतें भी लगातार सामने आती रही हैं।
महुआ शराब से इंजेक्शन तक फैला नेटवर्क…
सरगुजा संभाग में अवैध नशे का कारोबार अब कई रूपों में दिखाई दे रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में महुआ शराब का अवैध निर्माण,शहरी क्षेत्रों में नशीले इंजेक्शनों की बिक्री और अब होटल जैसे प्रतिष्ठानों से अवैध शराब बिक्री के मामले सामने आ रहे हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि अवैध नशे का कारोबार केवल किसी एक स्थान या व्यक्ति तक सीमित नहीं है,बल्कि इसके पीछे अलग-अलग स्तरों पर नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
कार्रवाई के साथ सप्लाई चेन पर भी नजर जरूरी…
नशीले इंजेक्शन और अवैध शराब के मामलों में केवल अंतिम व्यक्ति तक कार्रवाई सीमित रहने के बजाय सप्लाई करने वालों तक पहुंचना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल के मामलों में जहां कुछ स्थानीय आरोपियों पर कार्रवाई हुई है,वहीं यह भी चर्चा है कि अवैध कारोबार को संचालित करने वाली मुख्य कडि़यों तक पहुंचने के लिए और प्रभावी जांच की जरूरत है।
रंजीत गुप्ता की टीम की लगातार कार्रवाई…
होटल दीप की कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुपरमैन रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रमेश दुबे,आबकारी प्रधान आरक्षक अशोक सोनी,नगर सैनिक गणेश पाण्डेय,रणविजय सिंह,रोहित सोनवानी,महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग की ओर से अवैध शराब और नशीली दवाइयों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur