2 अपचारी बालक भी पकड़े गए…
रेत तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,साइबर सेल और गांधीनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 जून 202६ (घटती-घटना)। रेत से भरे वाहन को पकड़कर ले जा रहे नगर सैनिक के साथ मारपीट कर वाहन छुड़ाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लड्डन खान सहित 2 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लड्डन खान के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में थाना गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। जानकारी के अनुसार केंद्रीय उड़नदस्ता टीम (खनिज शाखा) रायपुर के नगर सैनिक तारकेश्वर वर्मा 22 जून को जांच कार्रवाई के दौरान सरगुजा पहुंचे थे। अधिकारियों के निर्देश पर उन्होंने रेत से भरे वाहन को अभिरक्षा में लेकर अंबिकापुर कलेक्ट्रेट परिसर ले जाना शुरू किया था। इसी दौरान वाहन चालक सोनू टोप्पो ने वाहन मालिक लड्डन खान का नाम बताते हुए नगर सैनिक को धमकी दी। गांधी चौक सिग्नल के पास वाहन मालिक लड्डन खान भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि सभी आरोपियों ने नगर सैनिक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, उसकी वर्दी फाड़ने का प्रयास किया और उसे पकड़कर रखा, जिसके बाद वाहन चालक रेत से भरे वाहन को लेकर फरार हो गया। मामले में नगर सैनिक की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 386/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 191(2), 221, 121(1), 132, 296, 351(3) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले ही आरोपी सोनू टोप्पो (19 वर्ष) और धनसिंह टोप्पो (35 वर्ष), दोनों निवासी सिलफिली पहाड़गांव थाना जयनगर जिला सूरजपुर को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी लड्डन खान (43 वर्ष), निवासी साईं मंदिर रोड वार्ड क्रमांक-1 भगवानपुर थाना गांधीनगर सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों और रेत तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur