Breaking News

अम्बिकापुर@पिता की टांगी से हत्या कर दो बोरियों में भर फेंकी थी लाश,बेटा समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Share

सोशल मीडिया से हुई मृतक की शिनाख्त,पूछताछ में बेटे ने कबूला जुर्म,मां और मौसा की भूमिका भी आई सामने
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 जून 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तिवरागुड़ी के सरनापारा में 12 जून को दो बोरियों में मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में मृतक के बेटे, मां, मौसा और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से कोरिया जिले के बचरापोड़ी चौकी अंतर्गत ग्राम चिरमी परसापानी निवासी शिवप्रसाद सिंह (45) के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस जब उसके घर पहुंची तो कमरे में खून के निशान मिले। संदेह के आधार पर बेटे अमृतलाल सिंह (19) से पूछताछ की गई, जिसमें उसने 10 जून की रात पिता की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पिता अक्सर उसकी मां और उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज करता था। घटना वाले दिन भी मां के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर उसने गुस्से में रात को सो रहे पिता के सिर पर टांगी और लोढ़ा से वार कर हत्या कर दी। बाद में मां के साथ मिलकर कमरे में फैले खून के निशान गोबर से लीपकर मिटा दिए। इसके बाद आरोपी ने अपने मौसा हरवंश सिंह को बुलाया। दोनों ने शव को दो बोरियों में भरकर बाइक से तिवरागुड़ी डेम की ओर ले जाना शुरू किया। रास्ते में बाइक फंसने पर दोस्त कौशल सिंह उइके को बुलाया गया। बाद में तीनों ने शव को सरनापारा स्थित बिजली खंभे के पास छोड़ दिया।
पुलिस ने मामले में आरोपी पुत्र अमृतलाल सिंह, उसकी मां बीरा बाई, मौसा हरवंश सिंह तथा दोस्त कौशल सिंह उइके को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।


Share

Check Also

खड़गवां @खड़गवां में प्रधानमंत्री आवास योजना पर सवाल….पक्के मकान वालों को भी लाभ देने का आरोप,पुराने घर की छत पर आवास निर्माण की शिकायत,जांच की मांग

Share -राजेन्द्र शर्मा-खड़गवां,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने …

Leave a Reply