Breaking News

अंबिकापुर/सीतापुर@ प्लेसमेंट के नाम पर चेन्नई ले जाकर फंसाने का आरोप

Share


सरगुजा की 3 युवतियों ने वीडियो जारी कर मांगी मदद
घर लौटने के लिए 10-10 हजार रुपए मांगने का आरोप,
विधायक के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन-पुलिस सक्रिय
-संवाददाता-
अंबिकापुर/सीतापुर,22 जून 2026 (घटती-घटना)।
सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भरतपुर के बेलजोरा बिनई गांव की तीन युवतियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर चेन्नई के कांचीपुरम में फंसे होने का दावा किया है। युवतियों ने आरोप लगाया है कि जॉब दिलाने के नाम पर उन्हें वहां ले जाया गया, लेकिन अब घर लौटने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने सीतापुर विधायक से सुरक्षित घर वापसी की गुहार लगाई है। वीडियो में युवतियों ने बताया कि उन्होंने जशपुर में तीन महीने तक सिलाई का प्रशिक्षण लिया था। प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट के नाम पर उन्हें चेन्नई के कांचीपुरम ले जाया गया। वहां पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि जब भी उनका मन होगा, वे घर लौट सकेंगी, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। युवतियों का आरोप है कि दो युवतियों और एक युवक ने उन्हें चेन्नई पहुंचाया था। अब जब वे वापस घर आना चाहती हैं तो संबंधित लोग उनका फोन तक नहीं उठा रहे हैं। कुछ दिन पहले बातचीत होने पर उनसे कथित तौर पर कहा गया कि यदि घर जाना है तो प्रत्येक युवती को 10-10 हजार रुपए देने होंगे। उनका कहना है कि उनकी तबीयत भी खराब है और वे काफी परेशान हैं।
विधायक ने प्रशासन को दिए कार्रवाई के निर्देश
युवतियों का वीडियो सामने आने के बाद सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को तत्काल जानकारी देकर तीनों युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
मानव तस्करी की घटनाओं से जुड़ी चिंता…
गौरतलब है कि सीतापुर और मैनपाट क्षेत्र में पहले भी रोजगार और बेहतर भविष्य का झांसा देकर युवाओं एवं नाबालिगों को दूसरे राज्यों में ले जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इनमें कई पीडि़तों की घर वापसी हो चुकी है, जबकि कुछ अब भी लापता बताए जाते हैं। ऐसे मामलों को लेकर क्षेत्र में मानव तस्करी की आशंका लगातार चिंता का विषय बनी हुई है।


Share

Check Also

धमतरी@धमतरी में भारी बवाल…अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे 52 गांवों के ग्रामीण

Share धमतरी,22 जून 2026। धमतरी में सोमवार का दिन भारी हंगामे वाला रहा। जिले के …

Leave a Reply