Breaking News

अम्बिकापुर@ कलाकेन्द्र मैदान आवंटन विवाद गरमाया

Share

वायरल ऑडियो को लेकर कांग्रेस ने मांगी एसआईटी जांच
मीना बाजार आवंटन में लाखों के लेनदेन का आरोप,
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद बोले…तीन दिन में जांच नहीं तो होगा आंदोलन…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 जून 2026 (घटती-घटना)।
कलाकेन्द्र मैदान में मीना बाजार लगाने के लिए हुए आवंटन को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। मैदान आवंटन में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े वायरल ऑडियो के बाद सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। कांग्रेस ने निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच विशेष जांच दल से कराने की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि वायरल टेलीफोनिक बातचीत में कलाकेन्द्र मैदान के आवंटन के लिए लाखों रुपये के लेनदेन की चर्चा हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि विभिन्न माध्यमों से यह बात सामने आ रही है कि वायरल ऑडियो में जिन आवाजों का उल्लेख किया जा रहा है, वह अंबिकापुर महापौर और भाजपा जिलाध्यक्ष से जुड़ी बताई जा रही हैं। हालांकि इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मैदान के आवंटन को लेकर एक व्यक्ति से राशि की मांग अथवा लेनदेन की बात सामने आई, लेकिन बाद में अधिक राशि देने वाले व्यक्ति को आवंटन कर दिया गया। पार्टी का कहना है कि इस बातचीत से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मीना बाजार के लिए कलाकेन्द्र मैदान आवंटन में करीब 10 लाख रुपये तक के लेनदेन का मामला हो सकता है।
निष्पक्ष जांच की मांग,तीन दिन का दिया अल्टीमेटम : कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मामले की जांच एसआईटी के माध्यम से कराई जाए, ताकि वायरल ऑडियो की सत्यता, आवाज की पहचान और कथित लेनदेन की पूरी जानकारी सामने आ सके। निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि यह केवल एक मामला नहीं है, बल्कि नगर निगम से जुड़े भ्रष्टाचार के कई अन्य मामलों की भी जांच की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों को जल्द सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने कलेक्टर से चर्चा के दौरान कहा कि तीन दिनों के भीतर एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की जानी चाहिए। कांग्रेस को इससे कम कुछ भी स्वीकार नहीं होगा। यदि समय सीमा में जांच शुरू नहीं हुई तो कांग्रेस निगम घेराव सहित अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगी।
कॉल रिकॉर्ड और वॉयस सैंपल से सामने आएगी सच्चाई-कांग्रेस प्रदेश महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि सामान्य वॉयस सैंपल और कॉल रिकॉर्ड की जांच से पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ जाएगी। उन्होंने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष अपने लोगों को बचाने का प्रयास कर सकता है।
भ्रष्टाचार के कारण महंगा हुआ
मीना बाजार : कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस ने मीना बाजार में बढ़े शुल्क को भी मुद्दा बनाया है। पार्टी का कहना है कि पिछले एक वर्ष में मीना बाजार का प्रवेश शुल्क, झूले की दर और पार्किंग शुल्क में काफी वृद्धि हुई है। कांग्रेस के अनुसार 45 दिन तक चलने वाले मीना बाजार के लिए निगम द्वारा निर्धारित शुल्क लगभग 12,500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से करीब 5.62 लाख रुपये बैठता है। पार्टी ने आरोप लगाया कि यदि करीब 10 लाख रुपये के लेनदेन की बात सही पाई जाती है तो यह निर्धारित शुल्क से भी अधिक राशि है, जिसका असर आम जनता पर पड़ा और मीना बाजार महंगा हुआ।
युवक कांग्रेस ने चौक-चौराहों पर सुनाया वायरल ऑडियो
वायरल ऑडियो को लेकर युवक कांग्रेस ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से लोगों को ऑडियो सुनाया। युवक कांग्रेस का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए पंपलेट वितरण कर लोगों को जानकारी देने की भी बात कही गई है। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में हेमंत सिन्हा,संजय विश्वकर्मा,मो. इस्लाम,इंद्रजीत सिंह धंजल, संजय सिंह,मो. जमील,आलोक सिंह,जीवन यादव,नरेंद्र विश्वकर्मा,अमित तिवारी राजा, चंद्रप्रकाश सिंह,रजनीश सिंह, सोहन जायसवाल,शुभम जायसवाल, अविनाश कुमार,प्रभात रंजन सिन्हा, विकास शर्मा,मिथुन सिंह,मो. इमरान, शिवांशु गुप्ता,तरणराज बाबरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Share

Check Also

धमतरी@धमतरी में भारी बवाल…अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे 52 गांवों के ग्रामीण

Share धमतरी,22 जून 2026। धमतरी में सोमवार का दिन भारी हंगामे वाला रहा। जिले के …

Leave a Reply