“योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास
सूरजपुर 21 जून 2026 (घटती-घटना)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिलास्तरीय कार्यक्रम उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया, इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” रही, कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।
योग अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुशासन और आत्मविश्वास अत्यंत आवश्यक हैं तथा योग इन गुणों के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है, उन्होंने कहा कि योग बच्चों में एकाग्रता, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करता है, उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बच्चों का मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, ऐसे समय में योग उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, सांसद ने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्वस्थ जीवन के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है, नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखता है, उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है, साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की, उन्होंने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण और स्वस्थ शरीर दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं।
योग को जीवन का नियमित हिस्सा बनाने की जरूरत
प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने सभी नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है, उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनता है तथा जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है, उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं और तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग एक प्रभावी समाधान है, प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए अवश्य निकालना चाहिए।
मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का आधार है योग
कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हमें योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का अवसर प्रदान करता है, उन्होंने कहा कि आज के समय में मानसिक तनाव, अवसाद और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे में योग एक ऐसा माध्यम है जो मानसिक शांति, आत्मसंतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है, उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है, जबकि योग के माध्यम से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है, योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि व्यक्ति को मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है, कलेक्टर ने कहा कि युवा राष्ट्र की शक्ति हैं और वरिष्ठजन समाज की धरोहर हैं, इसलिए प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को नियमित योगाभ्यास करना चाहिए। साथ ही बच्चों को छोटी उम्र से ही योग सीखने और अपनाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
तिलाईमुड़ा के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया आकर्षक योग प्रदर्शन
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माध्यमिक शाला तिलाईमुड़ा, रामानुजनगर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन रहा। विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन और सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अनुशासन, एकाग्रता और शारीरिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया, उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया तथा सभी ने विद्यार्थियों की सराहना की, विद्यार्थियों के प्रदर्शन ने यह संदेश दिया कि योग को बचपन से अपनाकर बेहतर स्वास्थ्य और व्यक्तित्व का निर्माण किया जा सकता है।
योग गुरु रामप्रताप रजवाड़े के मार्गदर्शन में हुआ सामूहिक योगाभ्यास- योग गुरु रामप्रताप रजवाड़े के मार्गदर्शन एवं सान्निध्य में निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया, योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को योग के वैज्ञानिक महत्व और इसके नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी भी दी, कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की रही उल्लेखनीय सहभागिता
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, मुरली मनोहर सोनी, भीमसेन अग्रवाल, बाबूलाल अग्रवाल, ठाकुर रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, इसके अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) सूरजपुर, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश देकर संपन्न हुआ आयोजन
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जागरूकता का संदेश देकर संपन्न हुआ, कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योगाभ्यास करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया, योग दिवस के इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन के लिए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur