1000 विशिष्टजन विशेष ट्रेन से जाएंगे सोमनाथ धाम,22 जून को रायपुर से मुख्यमंत्री साय करेंगे शुभारंभ
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 जून 2026 (घटती-घटना)। भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक सोमनाथ धाम से छत्तीसगढ़ को जोड़ने के लिए ऐतिहासिक ‘‘सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा’’ का आयोजन किया जा रहा है। 22 से 26 जून तक आयोजित इस विशेष यात्रा में प्रदेश के करीब 1000 विशिष्टजन विशेष ट्रेन के माध्यम से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम पहुंचेंगे। यात्रा का शुभारंभ 22 जून को सुबह 9 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे। कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर रायपुर के सांसद, विधायक, महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
सांस्कृतिक गौरव और आस्था का प्रतीक बनेगी यात्रा : सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की सांस्कृतिक चेतना और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। हजारों वर्षों के इतिहास में अनेक चुनौतियों के बावजूद भारतीय संस्कृति और आस्था ने अपनी पहचान बनाए रखी है। इसी भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ से निकलने वाली यह यात्रा उसी राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक जड़ों, आध्यात्मिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना है।
कलाकार, साहित्यकार और समाजसेवी होंगे शामिल : यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित विशिष्टजन शामिल होंगे। इनमें पद्म पुरस्कार एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कलाकार, साहित्यकार, संस्कृति कर्मी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि शामिल हैं। यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता की झलक भी देखने को मिलेगी। प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों की पवित्र मिट्टी और नदियों का जल लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे। यह पहल भारत की सांस्कृतिक एकता, आध्यात्मिक समरसता और राष्ट्रीय अखंडता का प्रतीक बनेगी।
सोमनाथ मंदिर दर्शन सहित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम : यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को सोमनाथ मंदिर के दर्शन के साथ विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। मंदिर दर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कला यात्राएं और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे। इस यात्रा के माध्यम से प्रतिभागी भारत की प्राचीन संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को करीब से समझ सकेंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के सांस्कृतिक प्रतिनिधियों के बीच संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
तैयारियों में जुटा संस्कृति विभाग : संस्कृति विभाग द्वारा यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सभी जिलों से चयनित प्रतिभागियों के स्वास्थ्य परीक्षण, यात्रा व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विशेष ट्रेन की यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश : सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय एकता का उत्सव है। छत्तीसगढ़ से निकलने वाली यह यात्रा प्रदेश की लोक परंपराओं, कला, साहित्य और आध्यात्मिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देगी। यह आयोजन समाज में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव और मूल्यों के प्रति नई प्रेरणा का संचार करेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur