यातायात पुलिस की कार्रवाई, ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में न्यायालय ने लगाया अर्थदंड
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 जून 2026 (घटती-घटना)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत ड्रंक एंड ड्राइव के दो मामलों में न्यायालय ने वाहन चालकों पर कुल 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भापुसे) के निर्देशन में यातायात शाखा पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो अलग-अलग मामलों में मोटरसाइकिल चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा। पहले मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-15/डीक्यू/8552 के चालक रामकिशोर आत्मज रामशरण (36 वर्ष), निवासी लहपटरा थाना लखनपुर को जांच के दौरान शराब के नशे में पाया गया। ब्रेथ एनालाइजर जांच में भी शराब सेवन की पुष्टि हुई। वहीं दूसरे मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-15/ईएच/6910 के चालक लल्लू राम आत्मज जमंगल राम (45 वर्ष), निवासी चैनपुर थाना लखनपुर को भी शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। दोनों वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामला न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों चालकों को 10-10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur