-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 जून 2026 (घटती-घटना)। व्यवसायिक निवेश के नाम पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 18 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में सूरजपुर थाना पुलिस ने अंबिकापुर निवासी एक कारोबारी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अन्य लोग भी ठगी का शिकार हुए हो सकते हैं। पुलिस के अनुसार सूरजपुर जिले के ग्राम पचिरा निवासी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी रॉबर्ट लकड़ा को उनके परिचित कैलाश नारायण मिश्रा ने निवेश योजना की जानकारी दी थी। इसके बाद उनकी मुलाकात अंबिकापुर निवासी कारोबारी गिरीश उपाध्याय से कराई गई। आरोपी ने एएसए ट्रेडर्स के माध्यम से निवेश करने पर बेहतर मुनाफे और बैंक ऋण की मासिक किश्त स्वयं जमा करने का भरोसा दिया। आरोप है कि दिसंबर 2023 में रॉबर्ट लकड़ा ने बैंक से लिए गए ऋण में से 19 लाख रुपए आरोपी के फर्म के खाते में तीन किश्तों में ट्रांसफर कर दिए। दोनों पक्षों के बीच स्टांप पेपर पर अनुबंध भी किया गया, जिसमें 36 माह तक हर महीने एक लाख 39 रुपए की ऋण किस्त जमा करने का उल्लेख था। शिकायत के अनुसार आरोपी ने सात माह तक बैंक की किश्त जमा की, लेकिन अगस्त 2024 से भुगतान बंद कर दिया। लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद राशि वापस नहीं मिलने पर पीडि़त ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया है कि कैलाश नारायण मिश्रा से भी 4 लाख रुपए की इसी तरह ठगी की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur