सूचना तंत्र विकसित करने पर जोर
मणीपुर,लुंड्रा थाना एवं रघुनाथपुर चौकी क्षेत्र में आयोजित हुआ कोटवार सम्मेलन,अपराध रोकने में सहयोग की अपील
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 जून 2026 (घटती-घटना)। ग्राम स्तर पर पुलिस की पहुंच और सूचना तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा कोटवार सम्मेलन का आयोजन किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में थाना मणीपुर, थाना लुंड्रा एवं चौकी रघुनाथपुर पुलिस टीम ने थाना परिसर में क्षेत्र के ग्राम कोटवारों की बैठक लेकर अपराध नियंत्रण और ग्राम सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गांवों में होने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं, बाहरी लोगों की गतिविधियों, विवादों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी समय पर मिलने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है। इसके लिए पुलिस और कोटवारों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। कोटवारों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने गांवों में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों, बड़े विवाद, जमीन संबंधी मामलों, दुर्घटनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं। साथ ही ग्रामीणों को ठगी और अन्य अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने में सहयोग करें। बैठक के दौरान साइबर अपराधों को लेकर भी चर्चा की गई। पुलिस ने कोटवारों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे बढ़ते मामलों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को सतर्क करने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गांवों में कोटवार पुलिस और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। उनके सहयोग से अपराधों की रोकथाम, सूचना संकलन और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर थाना मणीपुर प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, चौकी रघुनाथपुर प्रभारी उप निरीक्षक आर.एन. पटेल, थाना लुंड्रा से सहायक उप निरीक्षक एस.आर. साहू सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के ग्राम कोटवार मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur