आंगनबाड़ी,स्वास्थ्य सेवाओं,पोषण व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा,अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
-संवाददाता-
सूरजपुर,20 जून 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर रेना जमील ने शनिवार को भैयाथान विकासखंड के विभिन्न ग्रामों एवं शासकीय संस्थानों का सघन निरीक्षण कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण व्यवस्था तथा विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया, निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण और सुविधाओं का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने अपने दौरे की शुरुआत ग्राम पंचायत मसिरा के पनिका पारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से की। यहां उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे गर्म भोजन, टेक होम राशन (टीएचआर) वितरण, साफ-सफाई व्यवस्था तथा बाल विकास गतिविधियों का निरीक्षण किया, उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से हरी सब्जियां एवं पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त भविष्य के लिए बच्चों का संतुलित पोषण अत्यंत आवश्यक है, निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित सीसी रोड का भी अवलोकन कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जानकारी ली।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दी प्रेरणा
ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर स्वरोजगार गतिविधियों में शामिल होने का आह्वान किया, उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
स्कूल छोड़ चुके बच्चों को फिर से शिक्षा से जोड़ने पर जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षा के प्रति विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ने पर जोर दिया, उन्होंने छात्रावास में प्रवेश लेने के इच्छुक बच्चों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, इसके अलावा भिक्षावृत्ति एवं अन्य असंगठित कार्यों में संलग्न महिलाओं को समझाइश देते हुए मनरेगा और स्व-सहायता समूहों से जुड़कर सम्मानजनक रोजगार अपनाने की सलाह दी।
हितग्राहियों को वितरित किए प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड
दौरे के दौरान कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को जन्म प्रमाण पत्र एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए, साथ ही समौली में आयोजित मेडिकल कैंप का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया, उन्होंने सिकल सेल और थैलेसीमिया से प्रभावित बच्चों के बेहतर उपचार एवं नियमित स्वास्थ्य निगरानी के निर्देश भी दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और एनआरसी का किया निरीक्षण
कलेक्टर रेना जमील ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान का निरीक्षण कर प्रसव कक्ष, महिला वार्ड, ओपीडी एवं नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनबीएसयू) का अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सकों की उपलब्धता, प्रसव सेवाओं तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी लेकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, इसके बाद उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण कर वहां भर्ती बच्चों की माताओं से चर्चा की, उन्होंने बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेते हुए माताओं को पोषण संबंधी आवश्यक सुझाव दिए तथा चिकित्सकों को बेहतर देखभाल एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।
हाइड्रो पावर प्लांट का भी लिया जायजा
निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर ने पासल स्थित हाइड्रो पावर प्लांट का अवलोकन किया, उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन क्षमता और संचालन व्यवस्था की जानकारी लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की तथा उत्पादन और रखरखाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
पूरे निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का फोकस पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, बच्चों की शिक्षा, महिलाओं की आत्मनिर्भरता, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण व्यवस्था को मजबूत बनाने पर रहा, उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी, निरीक्षण के दौरान एसडीएम भैयाथान, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मनरेगा कार्यों की समीक्षा, वैज्ञानिक तरीके से पौधारोपण के निर्देश
मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने पौधारोपण, कंटूर ट्रेंच निर्माण और फलदार पौधों के रोपण कार्यों की समीक्षा की, उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मिट्टी की गुणवत्ता और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पौधों का चयन कर वैज्ञानिक पद्धति से कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि पौधारोपण अभियान सफल और दीर्घकालिक परिणाम देने वाला साबित हो सके।
बसोर बस्ती पहुंचकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं…
समौली ग्राम स्थित बसोर समुदाय की बस्ती पहुंचकर कलेक्टर ने महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया, उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए, कलेक्टर ने सभी पात्र बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र तथा पात्र परिवारों के राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रमिक कार्ड, आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए, उन्होंने सीएससी शिविर आयोजित कर आवश्यक दस्तावेजों के निर्माण की प्रक्रिया को सरल एवं तेज करने पर जोर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur