Breaking News

अम्बिकापुर@सड़क पर छोड़ा गया ट्रक बना मौत का कारण,तीन युवकों की जान गई

Share


पहले कार से टक्कर के बाद चालक ट्रक छोड़कर भागा,डेढ़ घंटे बाद उसी वाहन से भिड़ी बाइक…हादसे के बाद भडकी भीड़ ने ट्रक फूंका


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 जून 2026 (घटती-घटना)। प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर सडक किनारे लावारिस हालत में खड़ा मक्का लोड ट्रक तीन युवकों की मौत का कारण बन गया। शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार बाइक ट्रक से जा टकराई, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी और डायल-112 के आरक्षक व चालक से मारपीट कर दी। पुलिस के अनुसार ग्राम बैकोना निवासी रूपचंद पैकरा (20), रविंद्र पैकरा (19),ओमप्रकाश पैकरा (18) और अरमान पैकरा (16) एक ही बाइक से शादी समारोह में शामिल होने खजुरी जा रहे थे। शिवपुर के पास उनकी बाइक सडक किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि अरमान को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है।
डेढ़ घंटे पहले ही छोडकर भाग गया था चालक : जानकारी के मुताबिक इसी ट्रक की रात करीब 10 बजे एक कार से टक्कर हो गई थी। विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो ट्रक चालक वाहन सडक पर छोडकर फरार हो गया। कार को मामूली नुकसान होने पर उसके सवार चले गए और पुलिस टीम भी लौट गई। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक ट्रक सडक पर खड़ा रहा। इसी दौरान बाइक सवार युवक उससे टकरा गए।
हादसे के बाद भडका आक्रोश : दुर्घटना की सूचना मिलते ही बैकोना गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस पर वाहन चेकिंग और ट्रक को सडक पर छोडऩे का आरोप लगाते हुए डायल-112 के आरक्षक नीतेश टोप्पो और चालक से मारपीट कर दी। दोनों को चोटें आई हैं। इसके बाद भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी, जिससे उसका अगला हिस्सा जलकर खाक हो गया। बाद में पुलिस ने आग पर काबू पाया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शराब के नशे में वाहन चलाना पड़ा महंगा दो चालकों पर 20 हजार का जुर्माना

Share यातायात पुलिस की कार्रवाई, ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में न्यायालय ने लगाया अर्थदंड-संवाददाता-अम्बिकापुर,20 …

Leave a Reply