-संवाददाता-
सूरजपुर,19 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. अनिल शुक्ला ने गुरुवार को सूरजपुर जिले के भैयाथान,ओडग़ी और बिहारपुर-चांदनी स्थित स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं,जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान तीनों संस्थानों में कुल 13 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
संयुक्त संचालक ने सबसे पहले मातृ एवं शिशु अस्पताल भैयाथान का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सूचना एवं प्रचार सामग्री (आईईसी) और अधिक लगाने के निर्देश दिए। मरीजों के परिजनों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान पिछले माह हुए 23 संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही खंड चिकित्सा अधिकारी और खंड कार्यक्रम प्रबंधक को विकासखंड के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित औचक निरीक्षण करने के लिए कहा। खंड चिकित्सा अधिकारी को उपस्थिति पंजी का नियमित निरीक्षण एवं संधारण सुनिश्चित करने तथा बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। दोपहर में संयुक्त संचालक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओडग़ी का निरीक्षण किया। यहां पुरुष और महिला मरीजों के लिए अलग-अलग वार्ड निर्धारित करने, अस्पताल में साफ-सफाई बनाए रखने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आईईसी सामग्री पर्याप्त मात्रा में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण रखने और सर्पदंश की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान दंत चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूजा मिश्रा एवं लैब टेक्नीशियन प्रियम चतुर्वेदी अपने कार्यस्थल पर अनुपस्थित मिले। इसके अलावा कुल नौ अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। शाम को संयुक्त संचालक ने दूरस्थ क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर-चांदनी का निरीक्षण किया। यहां अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने संस्था प्रभारी को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि नए अस्पताल भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। संयुक्त संचालक ने सीजीएमएससी से समन्वय स्थापित कर भवन का शीघ्र हैंडओवर कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अस्पताल में चार अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur