-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 जून 2026 (घटती-घटना)। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद पंचायत लूण्ड्रा के सामुदायिक भवन में पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, विद्युत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा तथा अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजनों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा विभिन्न समस्याओं एवं आवेदनों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री प्रबोध मिंज ने शिविर का अवलोकन कर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं तथा कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं ने आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के विकास की नई तस्वीर उभरकर सामने आई है। गरीबों को पक्के मकान मिले हैं, घर-घर बिजली पहुंची है, रसोई गैस की सुविधा उपलब्ध हुई है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur