मिशन अस्पताल के पास हुई वारदात का वीडियो चर्चा में…पुलिस ने कुछ दिनों बाद कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दबोचा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 जून 2026 (घटती-घटना)। शहर में एक युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना उसके भाई को भारी पड़ गया। विरोध करने पर युवकों ने मिलकर उसकी बेल्ट,डंडे,पत्थरों और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक एक युवक पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने शहर में चर्चा का विषय बन गया था। पुलिस के अनुसार घटना 10 जून की रात करीब 10ः30 बजे की है। पीडि़ता अपने भाई के साथ स्कूटी से गांधी चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान मिशन अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि अतुल ताम्रकार ने युवती के साथ गलत नियत से छेड़छाड़ की और उसकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया। जब युवती के भाई ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अतुल ताम्रकार,रोहित केडिया और उनके अन्य साथियों ने मिलकर युवक को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, बेल्ट, बांस के डंडे तथा पत्थरों से हमला कर दिया। घटना के अगले दिन 11 जून को पीडि़ता ने कोतवाली थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वीडियो आने के बाद बढ़ी चर्चा : घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई। वीडियो में कुछ युवक एक युवक को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना ने लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ाई है।
डीआईजी-एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई : मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की जांच में मामले में कुल सात आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिनमें पांच विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) और दो बालिग आरोपी शामिल हैं।
गिरफ्तार बालिग आरोपियों की पहचानः – अतुल ताम्रकार (21 वर्ष), निवासी केदारपुर, अंबिकापुर,रोहित केडिया (22 वर्ष), निवासी केदारपुर, अंबिकापुर बताई गई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट,डंडा,पत्थर और स्कूटी भी बरामद की है।
नाबालिगों की बढ़ती संलिप्तता चिंता का विषय : इस मामले का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि सात आरोपियों में पांच नाबालिग शामिल पाए गए। लगातार सामने आ रही घटनाओं में नाबालिगों की आपराधिक गतिविधियों में बढ़ती भागीदारी कानून-व्यवस्था और सामाजिक परिवेश दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अभिभावकों की निगरानी,सोशल मीडिया का प्रभाव, गलत संगत और बढ़ती आक्रामक प्रवृत्ति ऐसे मामलों की बड़ी वजह बन रही है।
पुलिस ने न्यायालय में किया पेश : पुलिस ने पांचों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है, जबकि दोनों बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक अमित विश्वकर्मा, नितिन सिन्हा, दीपक दास तथा साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बड़ा सवाल : शहर के बीचों-बीच यदि एक युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके भाई को सामूहिक रूप से पीटा जाता है,तो यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं बल्कि सामाजिक सोच और कानून के प्रति भय की स्थिति पर भी सवाल खड़ा करता है। राहत की बात यह है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन यह घटना इस बात की भी चेतावनी है कि युवाओं और नाबालिगों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर समाज को गंभीरता से विचार करना होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur