दो लाख के नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तारी के बाद बड़ा सवाल…क्या सप्लायर तक पहुंचेगी जांच?
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार पर एक बार फिर आबकारी विभाग की संभागीय उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग दो लाख रुपये मूल्य के 200 नशीले इंजेक्शनों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। लेकिन इस कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या जांच केवल वाहिद अंसारी की गिरफ्तारी तक सीमित रहेगी या फिर इंजेक्शनों के बैच नंबर के आधार पर उस सप्लाई चेन तक भी पहुंचेगी, जहां से यह प्रतिबंधित दवाइयां युवाओं के हाथों तक पहुंच रही हैं? दिनांक 14 जून 2026 की रात गांधीनगर थाना क्षेत्र के सरना मैदान में आबकारी टीम ने संदिग्ध अवस्था में स्कूटी सवार एक व्यक्ति को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम वाहिद अंसारी निवासी लुंड्रा क्षेत्र बताया,जो वर्तमान में पटपरिया में किराये के मकान में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके बैग से 100 नग REXOGESIC इंजेक्शन और 100 नग AVIL इंजेक्शन बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
क्या सचमुच थम गया है नशे का कारोबार? सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने दावा किया है कि पिछले कई महीनों में लगातार कार्रवाई के कारण जिले में नशीले इंजेक्शनों की बिक्री पर काफी हद तक रोक लगी है और कई विक्रेता जेल में हैं। हालांकि जमीनी स्तर पर स्थिति कुछ अलग तस्वीर भी प्रस्तुत करती है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के आदी युवाओं की मौजूदगी तथा समय-समय पर होने वाली बरामदगियां इस बात का संकेत देती हैं कि नेटवर्क पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। यदि कारोबार बंद हो चुका होता तो दो लाख रुपये मूल्य के इंजेक्शन एक व्यक्ति के पास इतनी व्यवस्थित पैकिंग में कैसे पहुंचते?
ऑपरेशन क्लीन की सफलता, लेकिन नेटवर्क अभी जिंदा? आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत यह कार्रवाई निश्चित रूप से महत्वपूर्ण मानी जा सकती है। सौ-सौ पुडि़यों में पैक इंजेक्शनों की बरामदगी इस बात की ओर संकेत करती है कि आरोपी खुद उपभोक्ता नहीं बल्कि वितरण श्रृंखला का हिस्सा हो सकता है। ऐसे मामलों में जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होती है कि वे केवल ‘कैरियर’ या ‘पेडलर’ तक न रुकें,बल्कि उस आर्थिक नेटवर्क तक पहुंचें जहां से लाखों रुपये का कारोबार संचालित हो रहा है।
गिरफ्तारी से बड़ा सवालः माल आया कहां से?
जानकारों का कहना है कि किसी भी नशीली दवा के अवैध कारोबार का असली चेहरा तब सामने आता है जब जांच गिरफ्तार आरोपी से आगे बढ़कर सप्लायर, थोक विक्रेता, मेडिकल एजेंसी और वितरण नेटवर्क तक पहुंचती है। क्रश्वङ्गह्रत्रश्वस्ढ्ढष्ट और ्रङ्कढ्ढरु जैसे इंजेक्शनों पर बैच नंबर अंकित होते हैं। इन्हीं बैच नंबरों के माध्यम से यह पता लगाया जा सकता है कि दवा किस कंपनी ने बनाई, किस स्टॉकिस्ट को भेजी गई, किस मेडिकल एजेंसी ने खरीदी और अंततः वह किस दुकान या व्यक्ति तक पहुंची। ऐसे में प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या आबकारी विभाग इस मामले में बैच नंबर की जांच कर सप्लाई चैन का खुलासा करेगा या फिर मामला केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित रह जाएगा?
पूर्व की कार्रवाइयों का क्या हुआ?
पिछले कुछ महीनों में संभागीय उड़नदस्ता टीम ने कई बड़े प्रकरण दर्ज किए हैं। लेकिन यह जानकारी सार्वजनिक नहीं हो सकी कि उन मामलों में कितने सप्लायर, मेडिकल संचालक,एजेंट या वित्तीय सहयोगी गिरफ्तार हुए और कितनों को सजा मिली। यदि हर मामले में केवल निचले स्तर के विक्रेता ही पकड़े जाते हैं तो नशे का कारोबार कुछ समय बाद नए चेहरों के साथ फिर शुरू हो जाता है।
जनता जानना चाहती है…
– क्या REXOGESIC औरAVIL इंजेक्शनों के बैच नंबर की जांच होगी?
– इंजेक्शन किस मेडिकल एजेंसी या सप्लायर से आए?
– क्या ड्रग विभाग को भी जांच में शामिल किया जाएगा?
– क्या इस नेटवर्क में और लोगों की गिरफ्तारी होगी?
– क्या पूर्व में पकड़े गए मामलों की तरह यह मामला भी केवल एक आरोपी तक सीमित रह जाएगा?
जनता की उम्मीद
वाहिद अंसारी की गिरफ्तारी निश्चित रूप से आबकारी विभाग की एक महत्वपूर्ण सफलता है और कार्रवाई में शामिल टीम बधाई की पात्र है। लेकिन नशे के कारोबार पर स्थायी रोक तभी संभव है जब जांच इंजेक्शन के बैच नंबर से शुरू होकर सप्लाई चेन के आखिरी छोर तक पहुंचे । सरगुजा की जनता अब केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि उस पूरे नेटवर्क का खुलासा देखना चाहती है जो युवाओं के भविष्य को नशे की सुई के हवाले कर रहा है। सवाल अभी भी कायम है—क्या ‘सुपरमैन’ इस बार सप्लायर तक पहुंच पाएंगे, या फिर कार्रवाई केवल वाहिद अंसारी की गिरफ्तारी तक ही सीमित रह जाएगी?
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur