Breaking News

अम्बिकापुर@मुंडन संस्कार से लौट रही पिकअप ट्रैक्टर से टकराई,बुजुर्ग महिला की मौत,11 घायल

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 जून 2026 (घटती-घटना)। मुंडन संस्कार कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक पिकअप रविवार रात अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर खड़े मिट्टी लोड ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य महिला, पुरुष और बच्चे घायल हो गए। घायलों में एक महिला का हाथ कंधे के पास से कटकर अलग हो गया, जिसे गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केंवरा निवासी हिमालय के पुत्र का रविवार को मुंडन संस्कार कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शामिल होने रिश्तेदारों और ग्रामीणों का दल दो पिकअप वाहनों में सवार होकर सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र स्थित रामगढ़ पहाड़ मंदिर गया था। वहां धार्मिक अनुष्ठान और मुंडन संस्कार संपन्न होने के बाद सभी शाम को अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े 7 बजे पिकअप क्रमांक सीजी 15 एसी-3138 अंबिकापुर से लगभग 10 किलोमीटर पहले मेंड्राकला के पास सडक पर खड़े मिट्टी लोड ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार 12 लोग घायल हो गए। हादसे में प्रासदी राजवाड़े (पति स्वर्गीय कृपाल राजवाड़े) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उषा राजवाड़े का हाथ कंधे के पास से कटकर अलग हो गया।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, इलाज के दौरान मौत : घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह प्रासदी राजवाड़े की मौत हो गई। वहीं उषा राजवाड़े की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। मुंडन संस्कार की खुशी लेकर लौट रहे परिवार और ग्रामीणों पर हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। महिला की मौत और कई लोगों के घायल होने से कार्यक्रम की खुशियां मातम में बदल गईं। जैसे ही हादसे की खबर केंवरा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और सडक किनारे खड़े वाहन को माना जा रहा है।


Share

Check Also

खड़गवां@ जल जीवन मिशन या ‘जल इंतजार मिशन’?

Share दो साल से अधूरी पानी टंकी बनी ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए खतराकरोड़ों …

Leave a Reply