-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 जून 2026 (घटती-घटना)। शहर की एक महिला ने अपने पति और उसके मित्र पर दुष्कर्म, मारपीट,धमकी तथा अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पीडि़ता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले सरगुजा निवासी एक युवक से हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद उसे पति की समलैंगिक प्रवृत्ति के बारे में जानकारी मिली। महिला का आरोप है कि करीब छह माह पहले उसका पति काम के सिलसिले में राजस्थान गया था, जहां एक डेटिंग ऐप के माध्यम से उसकी पहचान एक युवक से हुई। बाद में वह युवक अंबिकापुर आया और पति के साथ उनके घर में रहने लगा। महिला का आरोप है कि घर आने के बाद पति के मित्र ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। उसने विरोध किया तो पति ने उसका साथ देने के बजाय उस पर लगातार अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। पीडि़ता के अनुसार पिछले तीन माह से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था।
विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी : महिला ने बताया कि जब उसने आरोपियों की हरकतों का विरोध किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारकर नदी में फेंक देने की धमकी दी। लगातार प्रताड़ना और भय के कारण वह अपनी बहन के घर चली गई। आरोप है कि वहां भी पति पहुंच गया और वापस नहीं लौटने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
आखिरकार पीडि़ता ने हिम्मत जुटाकर गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।
जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur