- तकिया पावर हाउस के पास वन विभाग की कार्रवाई अतिक्रमणकारियों ने कहा…20-30 वर्षों से रह रहे थे
- भाजपा-कांग्रेस नेताओं के बयान भी आए सामने…

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 जून 2026 (घटती-घटना)। शहर से लगे ग्राम पंचायत तकिया स्थित पावर हाउस के पास वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ रविवार सुबह वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में वन विभाग की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और चिह्नित 17 अवैध मकानों को हटाकर जमींदोज कर दिया। वन विभाग द्वारा पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई की सूचना मिलने पर कई परिवारों ने पहले ही अपने घरों से सामान निकाल लिया था,जबकि कुछ लोगों ने नोटिस का पालन नहीं किया। ऐसे मकानों पर विभाग ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। अतिक्रमणकारियों का कहना है कि वे पिछले 20 से 30 वर्षों से इस स्थान पर मकान बनाकर रह रहे हैं। इसके बावजूद उनके आशियाने तोड़ दिए गए।
भाजपा पार्षद ने दी सफाई…
भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने कहा कि उन पर एक धर्म विशेष को निशाना बनाकर अतिक्रमण हटाने के आरोप लगाए जाते रहे हैं, जबकि तकिया में हुई कार्रवाई को देखकर स्पष्ट हो जाएगा कि ऐसा नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले में हाईकोर्ट ने 2 अप्रैल को प्रशासन और वन विभाग को जांच कर 60 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। जांच में पाया गया कि अतिक्रमण पुराना नहीं है और संबंधित लोग वन भूमि पट्टा के पात्र नहीं हैं। इसके आधार पर कार्रवाई की गई है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल…
कांग्रेस के पूर्व पार्षद दीपक मिश्रा ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई परिवार 30 से 40 वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को पर्याप्त समय नहीं दिया गया। उनका कहना है कि क्षेत्र के लोग सांसद और विधायक से भी मिले थे, जहां उन्हें आश्वासन दिया गया था कि उनके मकान नहीं टूटेंगे। बारिश का मौसम शुरू होने वाला है, ऐसे में प्रभावित परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur