-संवाददाता-
सूरजपुर,13 जून 2026 (घटती-घटना)। आज के डिजिटल दौर में मोबाइल फोन केवल बातचीत का साधन नहीं,बल्कि व्यक्ति की यादों, दस्तावेजों, बैंकिंग सुविधाओं और दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है,ऐसे में मोबाइल गुम हो जाना किसी भी व्यक्ति के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता है,इस परेशानी को कम करने की दिशा में सूरजपुर पुलिस ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए 50 लाख रुपये मूल्य के 293 गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं।
सूरजपुर पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से प्राप्त गुम मोबाइलों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्य किया गया, तकनीकी संसाधनों और साइबर विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए पुलिस टीम ने विभिन्न जिलों और राज्यों तक पहुंचकर मोबाइल फोन ट्रेस किए और उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की, इस पूरी कार्रवाई को डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में अंजाम दिया गया, अभियान के संचालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन तथा गुम मोबाइल नोडल अधिकारी एवं एसडीओपी अभिषेक पैंकरा का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
तकनीक बनी पुलिस की सबसे बड़ी ताकत
साइबर सेल प्रभारी जावेद मियादाद के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम ने जिले के सभी थाना एवं चौकी स्टाफ के सहयोग से गुम मोबाइलों की खोजबीन शुरू की, मोबाइलों को ट्रेस करने के लिए भारत सरकार के Central Equipment Identity Register (CEIR)पोर्टल का उपयोग किया गया। इस तकनीकी प्लेटफॉर्म की सहायता से मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर के आधार पर उनकी लोकेशन और उपयोग की जानकारी जुटाई गई, लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों से कुल 293 मोबाइल फोन बरामद किए,बरामद मोबाइलों में एप्पल, सैमसंग,ओप्पो,वीवो,रेडमी और वन प्लस जैसी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन भी शामिल हैं,बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है।
मोबाइल वापस मिलने पर छलकी खुशी
जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार 12 जून 2026 को डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा,लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी, कई नागरिकों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका गुम मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन सूरजपुर पुलिस के प्रयासों से उनका भरोसा और विश्वास मजबूत हुआ है, लोगों ने पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस अभियान की सराहना की।
साइबर अपराधों के खिलाफ भी जारी है अभियान
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग कर गुम मोबाइलों की बरामदगी और साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को राहत और सुरक्षा प्रदान करना भी है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
मोबाइल बरामदगी अभियान में साइबर सेल और थाना स्टाफ के अलावा आरक्षक युवराज यादव, रौशन सिंह, विनोद सारथी,दधिबल राजवाड़े और रायसिंह की सक्रिय भूमिका रही,उनकी मेहनत और तकनीकी समन्वय के चलते बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद किए जा सके।
नागरिकों को दी गई महत्वपूर्ण सलाह…
सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए तो वे तत्काल नजदीकी थाना, साइबर सेल अथवा CEIR पोर्टल पर इसकी सूचना दर्ज कराएं,समय पर शिकायत दर्ज होने से मोबाइल ट्रेस होने की संभावना काफी बढ़ जाती है, इसके साथ ही पुलिस ने साइबर ठगी से बचाव के लिए भी लोगों को जागरूक किया, किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई,सूरजपुर पुलिस की यह कार्रवाई न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है,बल्कि यह भी दर्शाती है कि आधुनिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग से आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा सकता है, 293 लोगों के हाथों में वापस पहुंचे मोबाइल केवल उपकरण नहीं, बल्कि उनकी जरूरी जानकारी, यादें और विश्वास की वापसी भी हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur