Breaking News

अम्बिकापुर@स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत पर मंथन अंबिकापुर में प्रांतीय विचार वर्ग का शुभारंभ

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 जून 2026 (घटती-घटना)। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रांतीय विचार वर्ग एवं कार्यशाला का रविवार को अंबिकापुर में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी संभागों से आए पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति,पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल,प्रख्यात अर्थशास्त्री अश्विनी महाजन,विधायक प्रबोध मिंज,स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संयोजक सुधीर दाते तथा प्रांत संयोजक एवं स्वावलंबी भारत अभियान के समन्वयक जगदीश पटेल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। स्वागत उद्बोधन में जगदीश पटेल ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी चिंतन तथा स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देना आवश्यक है।
उन्होंने स्वावलंबी भारत अभियान की कार्ययोजना और उद्देश्यों की जानकारी दी। क्षेत्रीय संयोजक सुधीर दाते ने स्वदेशी जागरण मंच की स्थापना,कार्यपद्धति और वैचारिक आधार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक अवधारणा नहीं,बल्कि सांस्कृतिक,सामाजिक और आर्थिक पुनर्जागरण का माध्यम है। मुख्य अतिथि मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों और उद्योगों को बढ़ावा देकर ही भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में अग्रणी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और रोजगार सृजन में स्वदेशी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। मुख्य वक्ता अश्विनी महाजन ने वर्तमान वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और भारत की आर्थिक संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति, विशाल बाजार और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। स्थानीय उत्पादन,नवाचार,कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देकर भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ सकता है। उन्होंने विदेशी निर्भरता कम करने और भारतीय उद्योगों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित करने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। आयोजकों के अनुसार आगामी सत्रों में स्वदेशी अर्थनीति,रोजगार सृजन, उद्यमिता विकास,कृषि,शिक्षा, स्थानीय उत्पादन और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण एवं विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में दिनेश पाटिल,सुब्रत चाकी, दिग्विजय भाकरे, उमेश पासवान, संजय चौबे, सुमन मुथा, शंकर त्रिपाठी, राजकिशोर चौधरी, उपेंद्र यादव, किरण सिंह, ठाकुर राम रजवाड़े और योगेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

कोरिया@ पहली बारिश में बह गई नहर

Share … आश्रम में मिली गली हुई ईंटें जिला पंचायत अध्यक्ष के निरीक्षण में खुली …

Leave a Reply