कलेक्टर से शिकायत कर जांच की मांग
भूमि प्रकरण में तहसीलदार और कोटवार पर पैसे लेने का आरोप,आवेदक ने एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई…
-संवाददाता-
बैकुंठपुर,12 जून 2026 (घटती-घटना)। जिला कलेक्टर को सौंपे गए एक शिकायत पत्र में पटना तहसील के तहसीलदार एवं एक कोटवार पर कथित रूप से रिश्वत लेने तथा भूमि संबंधी प्रकरण में अनियमितता करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं, शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने,संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा कथित रूप से लिए गए पैसों की वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।शिकायतकर्ता रामचंद्र (शोभई) राम, निवासी ग्राम तेजपुर,तहसील रामानुजनगर,जिला सूरजपुर ने कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी भूमि से जुड़े एक प्रकरण में सुनवाई के दौरान पटना क्षेत्र के एक कोटवार ने उन्हें मामले में पक्ष में निर्णय दिलाने का भरोसा देते हुए पैसे की मांग की, शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने कथित रूप से तहसीलदार को 10 हजार रुपये तथा कोटवार को भी 10 हजार रुपये दिए, आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि भूमि प्रकरण में नाम जोड़ने के लिए कथित रूप से एक लाख रुपये तक की राशि ली गई, शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में यह भी दावा किया है कि तहसील कार्यालय में बिचौलियों की सक्रियता है और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा कथित रूप से दिए गए 20 हजार रुपये वापस दिलाने की मांग की है, मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक शिकायत में लगाए गए आरोपों पर संबंधित तहसीलदार अथवा अन्य पक्षों का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था,यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है, वहीं दूसरी ओर, जांच पूरी होने तक आरोपों की सत्यता की पुष्टि होना बाकी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur