Breaking News

चांदो/बलरामपुर@ घरेलू विवाद में पोते ने की दादा की हत्या

Share

,24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
-संवाददाता-
चांदो/बलरामपुर,08८ जून 2026 (घटती-घटना)।
बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही दादा की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद फरार हुए आरोपी पोते को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नवाडीह निवासी मुनिया केरकेटा (64 वर्ष) ने चांदो थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पति भुवनेश्वर केरकेटा (65 वर्ष) 7 जून को घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका नाती अरुण केरकेटा (20 वर्ष), पिता प्रेम केरकेटा, घर आया था। बताया गया कि भुवनेश्वर केरकेटा ने अरुण को नहाने, कपड़े धोने और कोई कामकाज नहीं करने को लेकर समझाइश दी। इसी बात पर नाराज होकर अरुण ने घर में रखे बसुला से अपने दादा के सिर और गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से भुवनेश्वर केरकेटा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घर पहुंचे तो आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। परिवार के लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। मामले की सूचना पर चांदो थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर चांदो थाना सहित अन्य थाना और चौकी पुलिस की टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया।
तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी राजपुर-बरियों मार्ग की ओर भाग रहा है। सूचना के आधार पर चांदो और राजपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी अरुण केरकेटा को राजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु मोहम्मद जीशान खान हुए सम्मानित

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,08 जून 2026 (घटती-घटना)। एशियन न्यूज द्वारा आयोजित ‘प्राउड ऑफ़ सरगुजा अवार्ड 2026’ समारोह …

Leave a Reply