Breaking News

मनेन्द्रगढ़@ कृषि विभाग का बड़ा एक्शन

Share


केल्हारी में बीज और कीटनाशक कारोबारियों पर औचक छापा
168 बोरी संदिग्ध बीज की बिक्री पर रोक,कई प्रतिष्ठानों को नोटिस
-संवाददाता-
मनेन्द्रगढ़,08 जून 2026(घटती-घटना)।
खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ किसानों को नकली और अमानक कृषि सामग्री से बचाने के लिए कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी एमसीबी के निर्देश तथा उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने केल्हारी क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया, कार्रवाई के दौरान रवि बीज भंडार, गोविंद बीज भंडार, रूमान कृषि केंद्र तथा केल्हारी एफपीओ सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण की खबर मिलते ही क्षेत्र के कृषि आदान विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
केल्हारी एफपीओ में मिली बड़ी गड़बड़ी-निरीक्षण के दौरान मेसर्स केल्हारी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड,सेमरिया में सबसे गंभीर अनियमितताएं सामने आईं,जांच दल को यहां बड़ी मात्रा में बीजों का भंडारण मिला, लेकिन संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके, प्रोपराइटर दिनेश साहू स्टॉक पंजी,बीज परीक्षण रिपोर्ट और पैकेजिंग अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं कर पाए। जांच में यह भी पाया गया कि बिना अधिकृत लाइसेंस के हाइब्रिड एवं रिसर्च (टीएल) धान और सरसों बीजों की पैकेजिंग तथा भंडारण किया जा रहा था,कृषि विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 168 बोरी अर्थात 71.40 क्विंटल संदिग्ध बीज की बिक्री पर रोक लगा दी है और तीन दिन के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
कीटनाशक दुकानों में भी मिलीं कई खामियां-निरीक्षण के दौरान कई कीटनाशक विक्रेताओं के यहां गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, कई दुकानों में स्टॉक पंजी संधारित नहीं पाया गया तथा किसानों को पक्का बिल या कैश मेमो जारी नहीं किया जा रहा था,इसके अलावा मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई थी,जिससे किसानों को वास्तविक दरों की जानकारी नहीं मिल पा रही थी।
एक्सपायरी दवाओं की बिक्री का खुलासा-जांच दल को कुछ प्रतिष्ठानों में अवसान तिथि पूरी कर चुके कीटनाशकों का भंडारण मिला, अधिकारियों ने पाया कि ऐसे उत्पाद किसानों को बेचे भी जा रहे थे,कृषि विशेषज्ञों के अनुसार एक्सपायरी कीटनाशक फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ किसानों को आर्थिक हानि भी पहुंचा सकते हैं।
सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी-कई प्रतिष्ठानों में बिना लेबल और बिना पैकिंग वाले कीटनाशक पाए गए,वहीं कुछ दुकानों में कीटनाशकों के साथ मानव एवं पशु उपयोग की खाद्य सामग्री भी रखी गई थी,जिसे विभाग ने सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना है।
तीन दिन में जवाब नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई- कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि पाई गई अनियमितताएं कीटनाशी अधिनियम 1968, कीटनाशक नियम 1971 तथा बीज नियंत्रण आदेश 1983 का उल्लंघन हैं,संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है,विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
किसानों के हित में जारी रहेगा अभियान- संयुक्त कार्रवाई में कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया, कृषि विभाग ने कहा है कि खरीफ सीजन के दौरान जिलेभर में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा,नकली,अवैध और अमानक बीज,खाद तथा कीटनाशकों का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु मोहम्मद जीशान खान हुए सम्मानित

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,08 जून 2026 (घटती-घटना)। एशियन न्यूज द्वारा आयोजित ‘प्राउड ऑफ़ सरगुजा अवार्ड 2026’ समारोह …

Leave a Reply