मंत्री ओ.पी. चौधरी और लक्ष्मी राजवाड़े ने किया उद्घाटन, बुजुर्गों संग कैरम-लूडो खेलकर बिताया समय

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्ण,सुरक्षित और सक्रिय जीवनशैली उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। मनेंद्रगढ़ रोड स्थित टाटा शोरूम के पीछे समाज कल्याण विभाग द्वारा स्थापित ‘सियान गुड़ी’ वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर का शुभारंभ वित्त एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा समाज कल्याण एवं महिला-बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया। उद्घाटन अवसर पर मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही समाज को सही दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुखद जीवन के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित इस केंद्र की स्थापना की गई है, जहां वे आनंदमय वातावरण में अपना समय व्यतीत कर सकेंगे। समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बदलती जीवनशैली और व्यस्तता के कारण कई बार बुजुर्ग अकेलेपन का अनुभव करते हैं। ऐसे में ‘सियान गुड़ी’ उन्हें सामाजिक जुड़ाव, मानसिक संबल और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
योग, स्वास्थ्य जांच से लेकर मनोरंजन तक की सुविधाएं : 25 सीटर क्षमता वाले इस डे-केयर सेंटर में योग, प्राणायाम, फिजियोथेरेपी, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, पुस्तकालय, पारिवारिक परामर्श, सांस्कृतिक गतिविधियां, इंडोर गेम्स, स्वल्पाहार और भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। केंद्र का संचालन सप्ताह में छह दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।
कैरम और लूडो खेलकर बढ़ाया उत्साह : कार्यक्रम के दौरान मंत्रीगण और जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ कैरम और लूडो खेलकर आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर बुजुर्गों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया तथा जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर और छड़ी भी वितरित की गई।
अनामिका वेलफेयर सोसायटी करेगी संचालन : समाज कल्याण विभाग के सहयोग से संचालित इस केंद्र का संचालन अनामिका वेलफेयर सोसायटी, अंबिकापुर द्वारा किया जाएगा। 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित इस केंद्र में सामाजिक सहभागिता, मनोरंजन और स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी,जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, पार्षद कमलेश तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur