छत्तीसगढ़ 8 जून 2026। में मानसून का इंतजार खत्म होने वाला, 12 जून से मौसम बदलेगा मिजाज
टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भले ही राहत दे रही हो, लेकिन राजधानी रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव समेत राज्य के ज्यादातर इलाकों में अभी भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। लोग दिन में सूरज की तीखी तपिश और रात के समय गर्म हवाओं के साथ उमस से बेहद परेशान हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा उलटफेर देखने को नहीं मिला है। हालांकि, मौसम विज्ञानियों ने राहत की खबर देते हुए बताया है कि आगामी 12 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में अच्छी तेजी आने की संभावना है।
रायपुर रहा सबसे गर्म, कुछ जिलों में दर्ज हुई बारिश
रविवार को मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा तापमान राजधानी रायपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य का सबसे न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इस बीच प्रदेश के कुछ चुनिंदा इलाकों में अच्छी वर्षा भी दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक, कुसमी में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर, कापू में 3 सेंटीमीटर और बलरामपुर, कांसाबेल व पोदी उपरोरा में 1-1 सेंटीमीटर पानी बरसा है।
अगले तीन से चार दिनों में छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगा मानसून
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने मानसून की प्रगति को लेकर अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों जैसे नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के कुछ हिस्सों सहित असम और अरुणाचल प्रदेश में आगे बढ़ चुका है। इसके आगे की ओर बढ़ने के लिए फिलहाल मौसमी परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल बनी हुई हैं। अगले तीन से चार दिनों के भीतर इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के बचे हुए हिस्सों को कवर करते हुए छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के कुछ भागों में पहुंचने की पूरी उम्मीद है।
रायपुर में आज छाए रहेंगे बादल, आंधी-बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को राज्य में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ संवेदनशील इलाकों में बिजली गिरने और तेज आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। राजधानी रायपुर की बात करें तो यहाँ सुबह से ही आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। विभाग ने दिन में बादल छाए रहने के साथ-साथ गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या अंधड़ चलने की संभावना जताई है। सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियम के आस पास रहने की अनुमती है
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur