Breaking News

बचेली/किरंदुल@9 साल से नहीं हुआ खनन, फिर लाखों टन अयस्क कहां से आया? जांच की मांग

Share


दंतेवाड़ा 8 जून 2026। जिले के बचेली स्थित अलनार लौह अयस्क खदान को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। बस्तरिया राज मोर्चा, जिला इकाई दंतेवाड़ा ने किरंदुल थाने में ज्ञापन सौंपकर मेसर्स आरती स्पंज एंड पावर लिमिटेड के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
सालों से खनन नहीं, फिर भी 2.72 लाख टन उत्पादन
ज्ञापन में आरोप है कि अलनार खदान में पिछले 9 साल से कोई वास्तविक खनन गतिविधि नहीं दिखती। इसके बावजूद कंपनी ने सरकारी दस्तावेजों में 2018 से 2025 के बीच करीब 2.72 लाख टन लौह अयस्क का उत्पादन और परिवहन दर्शाया है। संगठन का दावा है कि जमीन पर खनन के कोई स्पष्ट प्रमाण मौजूद नहीं हैं।
‘ट्रांजिट पास और वाहनों का फर्जीवाड़ा’
मोर्चा ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा जिन ट्रांजिट पास और वाहनों का उल्लेख किया गया है, उनका वास्तविक खनन और परिवहन से कोई संबंध नहीं है। संगठन ने कुछ वाहनों और चालकों का विवरण भी पुलिस को सौंपा है और पूरे मामले की जांच की मांग की है।
पेसा और वन अधिकार कानून के उल्लंघन का आरोप
ज्ञापन में कहा गया कि खदान पट्टा देते समय ग्राम सभा की सहमति नहीं ली गई। पेसा अधिनियम और वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ। क्षेत्र के आदिवासी परिवारों के वनाधिकार दावों का निराकरण किए बिना खदान को अनुमति देना कानून के विपरीत है।
‘रोजगार का वादा भी संदिग्ध’
संगठन ने कहा कि पट्टे की शर्तों के अनुसार स्थानीय लोगों को रोजगार और क्षेत्रीय विकास का लाभ मिलना था। लेकिन जब वास्तविक खनन ही नहीं हुआ तो रोजगार सृजन का दावा भी संदेह के घेरे में आ जाता है।
BNS की धाराओं में कार्रवाई की मांग
भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कथित अपराधों का उल्लेख करते हुए कंपनी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन की कॉपी कलेक्टर और SP दंतेवाड़ा को भी भेजी गई है।


Share

Check Also

बिलासपुर@40 साल… एक सुपरस्टार, एक दीवानाः बिलासपुर के चुट्टू अवस्थी ने संजय दत्त के जन्मदिन को बनाया सेवा का उत्सव

Share 1986 में लिया था संकल्प, 40 वर्षों से बिना रुके मना रहे हैं संजू …

Leave a Reply