आरोपी पहले भी 4 वाहन चोरी के मामलों में जा चुका है जेल,साथियों की तलाश जारी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 जून 2026 (घटती-घटना)। शहर के व्यस्त इलाके में स्थित श्रीराम हॉस्पिटल के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल को कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। मामले में एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वारदात में शामिल उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी चार वाहन चोरी के मामलों में चालान हो चुका है। जानकारी के अनुसार ग्राम दोरना निवासी कमल राज यादव 5 जून को अपनी भाभी का इलाज कराने श्रीराम हॉस्पिटल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल (ष्टत्र-15-ष्टछ्व-9557) अस्पताल के सामने खड़ी की और अंदर चले गए। करीब एक घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मुखबिर की सूचना बनी सफलता की कुंजी : मामला दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक के साथ रामानुजगंज नाका से शंकरघाट की ओर जाते देखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मुकेश चेरवा निवासी रजपुरीखुर्द बताया। शुरूआती पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
तालाब किनारे झाडि़यों में छिपाई थी बाइक : आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम मायापुर स्थित रूनझून तालाब पहुंची, जहां झाडि़यों के बीच छिपाकर रखी गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने वाहन जब्त कर उसके वास्तविक मालिक को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुराने मामलों का भी आरोपी : पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मुकेश चेरवा कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले भी मोटरसाइकिल चोरी के चार अलग-अलग मामले दर्ज हैं और वह इन मामलों में न्यायालय से चालान हो चुका है। इससे यह स्पष्ट होता है कि वह पेशेवर वाहन चोर गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस का कहना है कि बाइक चोरी की इस वारदात में आरोपी अकेला नहीं था। उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई : यह कार्रवाई सरगुजा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कोतवाली पुलिस की इस सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, प्रधान आरक्षक राजेश चतुर्वेदी तथा आरक्षक विवेक रॉय और अमित विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur