Breaking News

बैकुंठपुर@चरचा कॉलरी में सिलेंडर ब्लास्ट से डिप्टी मैनेजर की मौत

Share

  • दुर्घटना,आत्महत्या या कुछ और? कई सवालों के बीच जांच में जुटी पुलिस
  • एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी की मौत से क्षेत्र में सनसनी
  • पत्नी और एक पुत्र थे रांची में, दूसरे बेटे को बार-बार घर से बाहर भेजने की चर्चा…जांच के पहले ही क्षेत्र में उठने लगे सवाल


-संवाददाता-
बैकुंठपुर,07 जून 2026 (घटती-घटना)। एसईसीएल चरचा कॉलरी के चाइना ब्लॉक में मंगलवार रात हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया, रात करीब 9:30 बजे हुए कथित गैस सिलेंडर विस्फोट में एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर के.वी. नंदन (54 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, घटना के बाद कॉलरी क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही पुलिस,एसईसीएल प्रबंधन तथा बचाव दल मौके पर पहुंच गए, प्रारंभिक तौर पर इसे सिलेंडर ब्लास्ट की दुर्घटना बताया जा रहा है, लेकिन घटनास्थल से सामने आ रही जानकारियां इस मामले को केवल दुर्घटना मान लेने पर कई सवाल खड़े कर रही हैं।
घटना से पहले बेटे को कई बार बाहर भेजने की चर्चा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना के समय मृतक की पत्नी और एक पुत्र रांची गए हुए थे,घर में केवल डिप्टी मैनेजर और उनका लगभग 17-18 वर्षीय पुत्र मौजूद था,क्षेत्र में चर्चा है कि घटना से कुछ समय पहले मृतक ने अपने पुत्र को एक बार नहीं बल्कि कई बार घर से बाहर जाने के लिए कहा था, बताया जा रहा है कि अंतिम बार जब पुत्र बाहर गया तो उसके बाद घर का दरवाजा बंद कर लिया गया,कुछ ही देर बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और लोग मौके की ओर दौड़े,यही घटनाक्रम अब लोगों के बीच चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है।
फोरेंसिक जांच से खुल सकता है रहस्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि—गैस का रिसाव कैसे हुआ? सिलेंडर और रेगुलेटर की वास्तविक स्थिति क्या थी? विस्फोट से पहले कमरे की परिस्थितियां कैसी थीं? क्या कोई सुसाइड नोट या अन्य संकेत मिले हैं? घटना पूरी तरह दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है? इन सभी सवालों के जवाब अब फोरेंसिक रिपोर्ट और पुलिस जांच पर निर्भर हैं।
सिलेंडर का पाइप निकला मिला,बढ़ा संदेह
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी सामने आई कि सिलेंडर का पाइप अपनी सामान्य स्थिति में नहीं था,कुछ लोगों का कहना है कि यदि यह सामान्य दुर्घटना होती तो पाइप जलकर सिलेंडर से जुड़ा रहता,जबकि घटनास्थल पर पाइप अलग स्थिति में मिलने की बातें कही जा रही हैं,हालांकि इस संबंध में अभी तक पुलिस या फोरेंसिक टीम की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इन्हीं तथ्यों के आधार पर क्षेत्र में आत्महत्या की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।
दुर्घटना या आत्महत्या? जांच से पहले निष्कर्ष मुश्किल
घटना के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, कुछ लोग इसे गैस रिसाव के कारण हुई दुर्घटना मान रहे हैं,जबकि कुछ लोगों का कहना है कि परिस्थितियां आत्महत्या की ओर संकेत कर रही हैं, हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि केवल चर्चाओं और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा, घटनास्थल की तकनीकी जांच,गैस सिलेंडर की स्थिति,फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
एसईसीएल प्रबंधन भी जुटा जांच में…
घटना के बाद एसईसीएल प्रबंधन ने भी मामले को गंभीरता से लिया है, कंपनी स्तर पर भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है और प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है, एक वरिष्ठ अधिकारी की अचानक हुई मौत ने एसईसीएल कर्मचारियों को भी झकझोर कर रख दिया है। कॉलरी क्षेत्र में दिनभर इसी घटना की चर्चा होती रही।
जवाब का इंतजार
फिलहाल यह मामला दुर्घटना और आत्महत्या की आशंकाओं के बीच उलझा हुआ है,क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जरूर चल रही हैं,लेकिन सच्चाई क्या है इसका जवाब केवल जांच एजेंसियों के पास है,जब तक पुलिस और फोरेंसिक जांच पूरी नहीं हो जाती,तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना तय है कि चरचा कॉलरी में हुई इस घटना ने कई ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं,जिनके जवाब पूरे जिले को इंतजार है,अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं,जो बताएगी कि यह एक दुखद हादसा था या फिर इसके पीछे कोई और कहानी छिपी हुई है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply