कोतवाली पुलिस की छापेमारी में 3 किलो गांजा जब्त,पिता-पुत्र गिरफ्तार

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 जून 2026 (घटती-घटना)। शहर में डेली निड्स दुकान की आड़ में गांजा का अवैध कारोबार किए जाने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने शनिवार को छापेमारी कर 3 किलो गांजा जब्त किया और दुकान संचालक पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पुराना नगर निगम कार्यालय के समीप जोड़ा पीपल रोड स्थित सोनू डेली निड्स दुकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। दुकान देर रात तक आधा शटर बंद कर संचालित की जाती थी,जहां लोग पान, सिगरेट, गुटखा सहित अन्य नशीले पदार्थ खरीदने पहुंचते थे। कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुकान की आड़ में गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शनिवार को दुकान में दबिश दी।
दुकान के अंदर मिला गांजा : छापेमारी के दौरान दुकान के भीतर रखे एक झोले से करीब 3 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक नरेश सोनी और उसके पुत्र सोनू सोनी को हिरासत में लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई : पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur