Breaking News

बलरामपुर@जंगल में चल रही जुए की महफिल पर पुलिस का छापा,दो जुआरी गिरफ्तार,तीन बाइक जब्त

Share


-संवाददाता-
बलरामपुर,06 जून 2026 (घटती-घटना)। जिले में अवैध जुआ,सट्टा और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने दहेजवार जंगल में दबिश देकर जुआ खेलते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी, ताश के पत्ते तथा तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं,जबकि अन्य जुआरी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 5 जून 2026 की शाम करीब 5ः30 बजे बलरामपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दहेजवार गोठान के पास जंगल में कुछ लोग 52 पत्ती ताश के माध्यम से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे कई लोग भाग निकले, लेकिन मौके से दीपक गुप्ता (पिता श्रवण साव, निवासी दहेजवार) तथा रामप्रसाद (पिता केशव, निवासी वार्ड क्रमांक 07, बलरामपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 52 पत्ती ताश, 3 हजार रुपये नकद तथा तीन मोटरसाइकिल जब्त कीं। जांच में दोनों आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत दंडनीय पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। थाना बलरामपुर में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 89/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मौके से फरार अन्य जुआरियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

अंबिकापुर@भू-राजस्व संहिता संशोधन को लेकर अधिवक्ता ने उठाए सवाल

Share मुख्य सचिव से की हस्तक्षेप की मांग, कहा- 28 अप्रैल 2026 से पहले के …

Leave a Reply