Breaking News

बलरामपुर@ शराब से भरी बोलेरो लेकर जवानों को कुचलने का प्रयास,दो आरोपी गिरफ्तार

Share


बैरियर तोड़कर फरार हुआ चालक साइबर सेल की मदद से झारखंड से दबोचा गया…जेल भेजा गया
-संवाददाता-
बलरामपुर,06 जून 2026 (घटती-घटना)।
बलरामपुर जिले के तुगवा अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर शराब से भरी बोलेरो लेकर पहुंचे एक चालक ने जवानों को कुचलने का प्रयास करते हुए बैरियर तोड़ दिया और फिल्मी अंदाज में फरार हो गया। मामले में पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को बोलेरो वाहन क्रमांक ष्टत्र-15-्र-6984 मध्यप्रदेश के बैढ़न क्षेत्र से अवैध शराब लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रही थी। तुगवा बैरियर पर तैनात जवानों ने वाहन को रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। आरोप है कि उसने जवानों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करते हुए बैरियर को टक्कर मार दी और रघुनाथनगर की ओर भाग निकला। सूचना मिलते ही रघुनाथनगर थाना और बलांगी चौकी पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस का दबाव बढ़ता देख चालक ने थाना क्षेत्र के एक बंद पेट्रोल पंप के समीप कच्चे रास्ते में वाहन छोड़ दिया और फरार हो गया। पुलिस ने मौके से शराब से भरी बोलेरो जब्त कर ली। मामले में बलांगी चौकी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा रघुनाथनगर थाना में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव वेंकट एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
साइबर सेल की मदद से मिला सुराग : जांच के दौरान साइबर सेल को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी घटना के बाद झारखंड के गढ़वा जिले के डंडई क्षेत्र स्थित अपने ससुराल में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रघुनंदन कुशवाहा (25 वर्ष), निवासी हरदी बहरा, थाना रघुनाथनगर के रूप में बताई। आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह बोलेरो वाहन का उपयोग अवैध शराब परिवहन के लिए करता था। उसने बताया कि बैढ़न (मध्यप्रदेश) स्थित कचनी शराब भट्टी से शराब खरीदकर सूरजपुर जिले में सप्लाई करने जा रहा था।
शराब आपूर्ति से जुड़े दूसरे आरोपी की भी गिरफ्तारी : मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शराब आपूर्ति से जुड़े दूसरे आरोपी मृत्युंजय जायसवाल (29 वर्ष), निवासी साहिबगंज, झारखंड को भी हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में रामानुजगंज जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी रघुनाथनगर उप निरीक्षक धीरेंद्र तिवारी, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक हिम्मत सिंह शेखावत, साइबर आरक्षक आकाश तिवारी, आरक्षक योगेश जायसवाल, टेकचंद, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक लखेश्वर कश्यप, आरक्षक संजय जायसवाल तथा सैनिक सचेत साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share

Check Also

अंबिकापुर@भू-राजस्व संहिता संशोधन को लेकर अधिवक्ता ने उठाए सवाल

Share मुख्य सचिव से की हस्तक्षेप की मांग, कहा- 28 अप्रैल 2026 से पहले के …

Leave a Reply