-संवाददाता-
बैकुंठपुर,05 जून 2026(घटती-घटना)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुंठपुर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण,प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा आने वाली पीढि़यों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश पारीक ने किया,उन्होंने न्यायालय परिसर में पौधारोपण कर उपस्थित अधिकारियों,कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया, उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे,यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त विशेष न्यायाधीश आशीष पाठक,मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रतीक्षा अग्रवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अमृता दिनेश मिश्रा तथा जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुल्तान अंसारी ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण,जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के कारण पर्यावरणीय चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं,ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि पृथ्वी के भविष्य को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है,उन्होंने सभी नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में न्यायालय के सभी न्यायाधीशगण, कर्मचारीगण तथा जिला अधिवक्ता संघ के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया,विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न्यायालय परिसर को हरियाली से जोड़ने के साथ-साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का कार्य किया,वृक्षारोपण के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रकृति के संरक्षण के बिना सतत विकास की कल्पना संभव नहीं है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur