अनुज्ञप्ति समाप्त होने के बाद भी चल रहा था संचालन,कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई…
-संवाददाता-
सूरजपुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो क्रशर संयंत्रों को सीलबंद कर दिया है, कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने रामानुजनगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की,प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है,लंबे समय से अवैध खनिज भंडारण और बिना वैध अनुमति के संचालन की शिकायतें सामने आती रही हैं,जिसके बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
औचक निरीक्षण में खुली पोल
जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजनगर तथा खनिज विभाग सूरजपुर की संयुक्त टीम ने तहसील रामानुजनगर के विभिन्न खनिज भंडारण स्थलों और क्रशर संयंत्रों का निरीक्षण किया,निरीक्षण के दौरान ग्राम पस्ता स्थित श्रीमती सपना अग्रवाल तथा श्री गुप्तेश्वर पाण्डेय के स्वामित्व वाले क्रशर संयंत्र संचालित पाए गए,दस्तावेजों की जांच में पता चला कि ग्राम छिन्दिया में स्वीकृत गौण खनिज साधारण पत्थर भंडारण अनुज्ञप्ति की वैध अवधि समाप्त हो चुकी थी, इसके बावजूद संबंधित क्रशर संयंत्रों में गतिविधियां जारी थीं,जिसे नियमों का उल्लंघन माना गया।
गिट्टी और बोल्डर किए गए जब्त
जांच में अनियमितता पाए जाने के बाद संयुक्त दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों स्थलों पर भंडारित खनिज सामग्री को जब्त कर लिया। बड़ी मात्रा में गिट्टी और बोल्डर को पंचनामा तैयार कर प्रशासनिक कब्जे में लिया गया,इसके साथ ही दोनों क्रशर संयंत्रों को सीलबंद कर दिया गया ताकि बिना वैध अनुमति के आगे कोई संचालन न हो सके।
खनिज माफियाओं पर प्रशासन सख्त
जिला प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि खनिज नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी,खनिज विभाग और जिला स्तरीय टास्क फोर्स को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं,प्रशासन का कहना है कि अवैध उत्खनन और भंडारण से न केवल शासन को राजस्व हानि होती है,बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होता है। इसलिए नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगरानी और तेज होने के संकेत
हाल के दिनों में जिले के विभिन्न हिस्सों से अवैध खनिज परिवहन और भंडारण की शिकायतें सामने आती रही हैं,ऐसे में रामानुजनगर में हुई यह कार्रवाई अन्य संचालकों के लिए भी एक स्पष्ट संदेश मानी जा रही है कि वैध अनुमति और नियमों का पालन किए बिना संचालन करना अब आसान नहीं होगा,जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनिज उत्खनन,परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना प्रशासन को दें,ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके, फिलहाल रामानुजनगर में हुई इस कार्रवाई के बाद खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल देखी जा रही है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur