‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने किया पौधारोपण,सेवा और सुशासन के कार्यक्रमों की बनाई रूपरेखा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संकल्प भवन में भाजपा समलाया मंडल की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों,आगामी कार्यक्रमों तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने सभी कार्यकर्ताओं को पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रकृति संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। अपने संबोधन में भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक चिंता का विषय है और इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि 5 जून से 23 जून तक विभिन्न संगठनात्मक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे,जिनके माध्यम से कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों,सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने मंडल स्तर पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, ‘मन की बात’ कार्यक्रम, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर की बैठकों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया। साथ ही आगामी 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक के उपरांत समलाया मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हाथी पखाना स्थित गणपति धाम पहुंचे, जहां ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा आने वाली पीढि़यों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विधान चंद्राकर,मंजूषा भगत,अरुणा सिंह,डॉ. अम्बिकेश केशरी, हरमिन्दर सिंह टिन्नी, कमलेश तिवारी,अजय सोनी, अभिषेक सिंह देव,सर्वेश तिवारी,रोचक गुप्ता, शैलेन्द्र शर्मा, अर्जुन मुंडा,इंदु गुप्ता,अर्चना सिंह, नीलम रजवाड़े, अनुराधा गोस्वामी, नलनी पाण्डेय, सविता शर्मा,समीर श्रीवास्तव सहित समलाया मंडल एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur