Breaking News

अम्बिकापुर@नायब तहसीलदार तुषार मानिक राजापुर से हटाए गए,कलेक्टर कार्यालय में अटैच

Share

विधायक समर्थकों के सरेंडर के बाद जारी हुआ आदेश,एसडीएम के तबादले की भी चर्चा…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच विवाद के बाद प्रशासनिक हलकों में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कलेक्टर ने आदेश जारी कर नायब तहसीलदार तुषार मानिक को राजापुर उप तहसील से हटाकर अंबिकापुर कलेक्टर कार्यालय में अटैच कर दिया है। वहीं सीतापुर तहसीलदार उमेश बाज को राजापुर उप तहसील का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गौरतलब है कि 27 मई को विधायक की बहन द्वारा बदसलूकी का आरोप लगाए जाने के बाद नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया था। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे, जिससे 1 से 3 जून तक राजस्व कार्यालयों का कामकाज प्रभावित रहा। इस बीच राजस्व मंत्री और विभागीय सचिव के साथ संघ पदाधिकारियों की चर्चा में आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद 3 जून को विधायक की पहल पर उनके दो समर्थकों ने सरेंडर कर दिया था। वहीं विधायक ने कलेक्टर से मुलाकात कर एसडीएम फागेश सिन्हा और नायब तहसीलदार तुषार मानिक को सीतापुर से हटाने की मांग की थी। नायब तहसीलदार के स्थानांतरण के बाद अब एसडीएम फागेश सिन्हा को भी सीतापुर से हटाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। इधर हड़ताल समाप्त होने के बाद राजस्व कार्यालयों में कामकाज सामान्य हो गया है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply